अमित शाह की पत्नी पहुंची ताज में, स्वतंत्रदेव पहुंचे सीकरी के गांव में

अमित शाह की पत्नी ने देखा ताज और हुनर हाट
आगरा, 21 मई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी की पत्नी सोनल शाह आज आगरा में थीं। उन्होंने यहां ताजमहल का दीदार किया और निकट ही शिल्पग्राम में लगी हुनर हाट में खरीददारी भी की। उन्होंने ताजमहल के साथ ही हुनर हाट में भी खूब फोटो खिंचाये।
सोनल शाह ने यहां आगरा की चाट का स्वाद भी चखा। उनके साथ आये परिजनों ने बाटी चोखा खाया। इस दौरान उन लोगों ने आर्टिफिशियल फ्लावर और कलात्मक मूर्तियां खरीदीं। कुछ हाथ के बने सामान भी खरीदे।
शिल्पग्राम में लगी हुनर हाट को स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले लोग भी खूब पसंद कर रहे हैं। यहां तरह-तरह के परम्परागत हस्तनिर्मित स्वदेशी उत्पादनों से सजे स्टॉल लोगों को लुभा रहे हैं। ये पहला मौका है जब आगरा में हुनर हाट का आयोजन किया जा रहा है। यहां से पहले 40 शहरों में हुनर हाट का आयोजन किया जा चुका है।
-------------------
जलशक्ति मंत्री ने फतेहपुरसीकरी में नहर की टेल देखी
आगरा, 21 मई। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज मेहंदीपुर बालाजी से लौटते वक्त फतेहपुर सीकरी में राजमार्ग से पांच किलोमीटर अन्दर ग्राम सुपहरा में नहर की टेल पर जाकर ग्रामीणों से पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। 
ग्रामीणों ने राजस्थान सीमा से सटे असिंचित क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था की मांग की। मंत्री ने शीघ्र कार्य योजना बनाने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। 
आज सायं करीब साढ़े पांच बजे मेंहदीपुर बालाजी से आगरा लौटते वक्त भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला यहां रुका। उन्होंने ग्रामीणों ध्रुव सिंह, गुडडू सिसौदिया, रूपेन्द्र सिंह राजेन्द्र सिंह, भूरा, गुडडू आदि से नहरो में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली तथा यंहा पर उगाई जाने वाली फसलों के बारे में भी जानकारी ली। इस मौके पर उन्होने सिंचाई विभाग द्वारा लगाये गये एफएस ब्रांच के मानचित्र का भी अवलोकन किया और ग्रामीणो से नहरों में साल भर में पानी की उपलब्धता एंव नहरों की सफाई के बारे में भी जानकारी की। 




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments