महिला मोर्चा संगठन की रीढ़, बूथ स्तर तक मातृशक्ति को जोड़ना होगा - डॉ. मेधा कुलकर्णी

आगरा, 01 नवम्बर। भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की समन्वय बैठक शनिवार प्रातः 11 बजे महाजन भवन, जयपुर हाउस में सम्पन्न हुई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला मोर्चा भाजपा संगठन की रीढ़ है।
डॉ. कुलकर्णी ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की बहनों ने हमेशा संगठन को मजबूती दी है। अब लक्ष्य 2027 विधानसभा चुनाव है। हमें बूथ स्तर तक मातृशक्ति को जोड़कर संगठन को और सुदृढ़ करना होगा। जिला और मंडल स्तर की बहनों में बेहतर समन्वय बनाकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करनी होगी।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। इन योजनाओं को हमें घर-घर तक पहुंचाना है।
बैठक में विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि ब्रज की बहनों ने संगठन को हमेशा ताकत दी है। ब्रज अध्यक्ष चंद्रेश गुप्ता ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने कहा कि समन्वय बैठक का उद्देश्य तालमेल बनाकर कार्ययोजना तय करना है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, निर्मला दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर, अपराजिता, निधि चतुर्वेदी, भावना वरदान शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने 2027 में पुनः भगवा लहराने का संकल्प लिया।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments