आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 940 किलो पनीर-मावा नष्ट कराया, आठ सैंपल लैब भेजे

आगरा, 01 नवंबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद आगरा द्वारा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई - 400 किलो पनीर नष्ट:
वाहन संख्या RJ11GC6286 बोलेरो मैक्स में परिवहन किए जा रहे पनीर का निरीक्षण किया गया। अस्वच्छकर परिस्थितियों में भंडारण पाए जाने पर पनीर के तीन नमूने लिए गए और जनस्वास्थ्य के हित में लगभग 400 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया, जिसकी कीमत लगभग 1,04,000 रुपये है। खाद्य कारोबारी राजीव पुत्र ज्ञान सिंह और वाहन स्वामी योगेश पुत्र सिद्धार्थ दोनों निवासी धौलपुर हैं।
दूसरी कार्रवाई - 540 किलो मावा नष्ट:
इसी क्रम में प्रातः 08:40 बजे शमशाबाद रोड, जी.आर. अस्पताल के पास बोलेरो पिकअप UP80LT1251 को रोककर जांच की गई। मावा में मिलावट का संदेह होने पर 2 नमूने लिए गए। कारोबारियों राजन सिंह व गौरी शंकर की सहमति से डलिया, क्रेट और पन्नियों में रखे 540 किलो मावा को उचित तापमान पर परिवहन न करने और अस्वच्छ भंडारण के कारण नष्ट किया गया। इसकी कीमत 1,51,200 रुपये है।
अन्य सैंपल:
फतेहपुर सीकरी स्थित मैसर्स गोविन्द प्रसाद एंड ब्रदर्स से बेसन का एक नमूना, पिनाहट थाने के सामने अतुल की दुकान से खोया का एक नमूना और लज्जाराम गुजिया वाले की दुकान से छेना का एक नमूना लिया गया। कुल आठ नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई होगी। इस अभियान में कुल 940 किलो (09 कुंतल, 40 किलो) पनीर-मावा, कीमत 2,55,200 रुपये नष्ट किया गया। विभाग ने कहा कि मिलावट, अस्वच्छ भंडारण और अनुचित परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments