Agra News: खबरें आगरा की....

यमुना की बदहाली पर अनोखा विरोध, कार्यकर्ताओं ने बजाया झुनझुना - बोले आगरा को क्या मिला?
आगरा, 01 नवम्बर। दीपावली से पहले यमुना की बदहाली पर सोए जनप्रतिनिधियों को जगाने के लिए रिवर कनेक्ट कैंपेन ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने यमुना आरती स्थल पर 'झुनझुना दिवस' मनाते हुए झुनझुना बजाकर सरकार की बेरुखी पर सवाल उठाए। इस दौरान "आगरा को क्या मिला? झुनझुना, झुनझुना" के नारे गूंजे।
संयोजक बृज खंडेलवाल ने कहा कि संगठन वर्षों से यमुना में सालभर अविरल प्रवाह, ताज के डाउनस्ट्रीम में बैराज निर्माण, तलहटी की सफाई, सहायक नदियों के संरक्षण और साबरमती मॉडल पर रिवरफ्रंट विकास की मांग कर रहा है, लेकिन घोषणाओं के बाद भी हालत नहीं सुधरी। डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य ने कहा कि यह उत्सव नहीं, बल्कि वायदे याद दिलाने का शांतिपूर्ण प्रयास है। आगरा को आश्वासन नहीं, यमुना को पानी चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. हरेंद्र गुप्ता, मीरा खंडेलवाल, डॉ. ज्योति खंडेलवाल, राकेश गुप्ता समेत कई सदस्य रहे। नंदन श्रोत्रिय ने यमुना आरती कराई।
_____________________________________
संत साँई कंवर राम के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रीमियर
आगरा, 01 नवम्बर। पूज्य संत साँई कंवर राम के बलिदान दिवस पर उनके जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रीमियर माथुर वैश्य भवन, पंचकुइयां में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन राजकुमार सामा विचार मंच और आर.ए. मूवीज द्वारा पूरन डावर के माता-पिता सतवंती डावर व लालचंद डावर की स्मृति में किया गया।
समारोह में सांसद शंकर लालवानी, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, संत जहाजनाथ महाराज, पूरन डावर और बांकेलाल गौड़ मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान झूलेलाल और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।
केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा- संत कंवर राम का जीवन त्याग, भक्ति और सेवा का प्रतीक है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा- ऐसे संतों के चरित्र को जीवन में उतारना चाहिए।
फिल्म का निर्माण रंजीत सामा-विजय सामा, सह निर्माता नारायण लालवानी, कमल मतलानी, नरेन्द्र कश्यप, लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी ने किया। संत की भूमिका में जितेश आसीवाल हैं। समारोह में बड़ी संख्या में सिंधी समाज व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
_____________________________________
तृतीय जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता सम्पन्न, पहल गुप्ता ने जीते चार खिताब
आगरा, 01 नवम्बर। जिला टेबल टेनिस संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय तृतीय जिला रैंकिंग प्रतियोगिता शनिवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सम्पन्न हुई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल शिव कुंजरू ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि डब्ल्यूटीटी वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य जीतने वाली आगरा की पहल गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पहल ने इस टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कैडेट, सब जूनियर, जूनियर और यूथ बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रमुख परिणाम:
*अंडर-9 बालक:* 1. अयांश शर्मा, 2. वेद पोद्दार *बालिका:* 1. स्वरा गोयल, 2. तृषा धागर
*अंडर-11 हॉप्स बालक:* 1. रेयांश शर्मा *बालिका:* 1. वेदांशी पोद्दार
*अंडर-13 कैडेट बालक:* 1. सूर्यांश सिंह *बालिका:* 1. पहल गुप्ता
*अंडर-15 सब जूनियर बालक:* 1. राघव वशिष्ठ *बालिका:* 1. पहल गुप्ता
*अंडर-17 जूनियर बालक:* 1. ऋषभ विश्वकर्मा *बालिका:* 1. पहल गुप्ता
*अंडर-19 यूथ बालक:* 1. केशव खंडेलवाल *बालिका:* 1. पहल गुप्ता
*पुरुष वर्ग:* 1. गौरव रावत *महिला वर्ग:* 1. इनाया फातिमा *मास्टर्स:* 1. मनोज कुमार
निर्णायक गर्ग ऋषि, भव्य रहे। इस अवसर पर सजल गुप्ता, जुनैद सलीम, मीनाक्षी घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments