ताजमहल में अनचाहा मेहमान! वाइल्डलाइफ एसओएस ने किया रेस्क्यू

आगरा, 12 नवम्बर। त्योहारी सीजन में ताजमहल पहुंचे पर्यटकों को बुधवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। स्मारक के पूर्वी गेट के पास सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शौचालय में लगभग 5 फुट लंबा इंडियन रॉक पायथन यानी अजगर निकल आया। सूचना पर वाइल्डलाइफ एसओएस की रैपिड रिस्पॉन्स टीम ने उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
सीआईएसएफ के जवानों ने ताज के पूर्वी गेट वाले प्रांगण में सबसे पहले शौचालय में अजगर को देखा। तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण अधिकारियों को सूचना दी गई। विश्व धरोहर स्थल होने और त्योहारों की वजह से भारी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने देर न करते हुए वाइल्डलाइफ एसओएस की इमरजेंसी हेल्पलाइन `+91 9917109666` पर कॉल किया।
अलर्ट मिलते ही दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट मौके पर पहुंची। टीम ने पहले पर्यटकों और स्टाफ को सुरक्षित दूरी पर किया। इसके बाद बिना सांप को चोट पहुंचाए बड़ी सावधानी से उसे शौचालय से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद अजगर को कुछ घंटों तक निगरानी में रखा गया। यह सुनिश्चित किया गया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है। बाद में उसे ताज परिसर से दूर उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट बैजू राज एम.वी. ने बताया, "इंडियन रॉक पायथन बिना जहर वाला सांप है और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। ये बड़े आकार के बावजूद शर्मीले होते हैं और इंसानों से दूर रहना पसंद करते हैं। अगर ये गलती से इंसानी इलाकों में आ जाएं तो घबराएं नहीं। सुरक्षित दूरी बनाएं और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।"
वाइल्डलाइफ SOS की सह-संस्थापक गीता शेषमणि ने कहा, "वन्यजीवों से सामना ताजमहल जैसी जगहों पर भी हो सकता है। सीआईएसएफ और एएसआई की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। करुणा और जागरूकता से ही इंसानों और वन्यजीवों का सह-अस्तित्व संभव है।"
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments