आधी रात, तेज रफ्तार और एक मोड़... किले के सामने बिखर गई तीन जिंदगियां, दो युवकों की मौत, तीसरा गम्भीर
आगरा, 11 नवम्बर। मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे आगरा किले के सामने का सन्नाटा एक जोरदार टक्कर से टूट गया। बिजलीघर से रामलीला मैदान की ओर मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, रेलिंग तोड़ती हुई दूसरी ओर जा गिरी और तीनों युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर आ गिरे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 16 वर्षीय नैतिक और विशाल की मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय प्रेम जिंदगी और मौत के बीच एसएन मेडिकल कॉलेज में जूझ रहा है। तीनों दोस्त बाइक से सदर की ओर जा रहे थे।
कौन थे तीनों युवक
मृतकों की पहचान नैतिक पुत्र भोला सिंह निवासी सुल्तानपुरा कैंट और विशाल पुत्र मनोज निवासी मंटोला के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान प्रेम पुत्र धर्म निवासी मंटोला के रूप में हुई है। तीनों में गहरी दोस्ती थी और अक्सर एक साथ घूमने निकलते थे।
मोड़ पर बेकाबू हुई बाइक
पुलिस के अनुसार, मंटोला निवासी विशाल अपने मित्र प्रेम और सुल्तानपुरा कैंट निवासी नैतिक के साथ बाइक पर था। बिजलीघर से रामलीला मैदान की ओर बाइक मोड़ते समय उसकी रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी ओर चली गई। तीनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर गई। यहां डॉक्टरों ने नैतिक और विशाल को मृत घोषित कर दिया। प्रेम की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों में कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम छा गया है।
थाना प्रभारी रकाबगंज योगेश नागर ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार बाइक को मोड़ते समय अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments