मोतीलाल नेहरू रोड पर हादसा: दो कारों की जोरदार टक्कर, विजयनगर कालोनी निवासी पिता की मौत, पुत्र समेत छह घायल || सिकंदरा में भी दो कारें भिड़ीं

आगरा, 12 नवम्बर। थाना हरिपर्वत क्षेत्र में मोतीलाल नेहरू रोड पर भगवान हॉस्पिटल के सामने सोमवार की रात तेज रफ्तार हुंडई औरा कार की टक्कर से होंडा सिटी में सवार पिता की मौत हो गई और उनके पुत्र समेत परिवार के छह सदस्य घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मृतक अनिल कुमार गुप्ता विजय नगर कॉलोनी निवासी थे। परिजनों  द्वारा दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा गया है कि विजय नगर निवासी श्वेतांक गुप्ता विगत नौ नवंबर की रात करीब 11:55 बजे होंडा सिटी कार संख्या यूपी 80 बीवी 0133 से परिवार के साथ खाना खाकर घर लौट रहे थे। कार में उनके पिता अनिल कुमार गुप्ता, पत्नी श्रद्धा, बहन प्रियंका रेतला गुप्ता, बहनोई रितेश गुप्ता, भांजी शिक्षा और पुत्र अयान सवार थे। भगवान हॉस्पिटल के सामने यूपी 80 जीसी 1018 नंबर की हुंडई औरा कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
भीषण टक्कर से कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। श्वेतांक गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं। उनका एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। 
परिवार के अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा है। श्वेतांक गुप्ता की ओर से थाना हरिपर्वत में लिखित शिकायत दी गई है। मुकदमा दर्ज उपनिरीक्षक अमित कुमार यादव को विवेचना सौंपी गई है। 
स्विफ्ट और एक्सयूवी गाड़ियों में टक्कर 
उधर, थाना सिकंदरा क्षेत्र के अंतर्गत भावना एस्टेट रोड स्थित राम रघु आनंदा फेज-2 के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार स्विफ्ट और एक्सयूवी गाड़ियों में टक्कर हो गई। कार सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर से दोनों कारों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। यही नहीं, एक्सयूवी कार का अगला हिस्सा नाले में जा घुसा। दूसरी गाड़ी फुटपाथ के पास जाकर रुक गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि कार मालिकों की शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments