ताजमहल में शाही मस्जिद की छत पर पहुंचे पर्यटक, एएसआई ने माना गम्भीर चूक, कर्मचारी से जवाब-तलब
आगरा, 11 नवम्बर। विश्व धरोहर ताजमहल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजमहल परिसर स्थित शाही मस्जिद की छत तक दो विदेशी पर्यटकों के पहुंचने का वीडियो सामने आया है। पर्यटकों के प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंचने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजमहल का रखरखाव करने वाले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने भी इस मामले को गम्भीरता से लिया है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना एक दिन पूर्व की बताई जा रही है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने इसे कर्मचारी की लापरवाही माना है। बताते हैं कि शाही मस्जिद की छत पर जाने के लिए सीढ़ियां बनी हुई हैं, लेकिन इन सीढ़ियों का द्वार बंद रहता है और विभाग के एक कर्मचारी की ड्यूटी भी वहाँ रहती है। इसके बावजूद दो पर्यटक सीढ़ियों के रास्ते शाही मस्जिद की छत तक पहुंच गए। इसी दौरान किसी अन्य पर्यटक ने उनका वीडियो बना लिया। किन परिस्थितियों में सीढ़ियों का दरवाजा खोला गया और उस समय वहां तैनात कर्मचारी कहां था, यह जांच का विषय है।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को नोटिस (मेमो) देकर उससे जवाब-तलब किया गया है। साथ ही सभी कर्मचारियों को अपनी-अपनी ड्यूटी पूर्ण जिम्मेदारी से निभाने की हिदायत दी गई है।
ताजमहल में पर्यटकों की आवाजाही के लिए निर्धारित क्षेत्र और सुरक्षा व्यवस्था लागू है। ऐसे में शाही मस्जिद की छत तक विदेशी पर्यटकों का पहुंचना सुरक्षा निगरानी पर सवाल खड़े करता है। यह भी सवाल उठ रहा है कि पर्यटकों को वहां तक पहुंचने से रोकने के लिए तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर क्यों नहीं पड़ी।
उर्स कमेटी अध्यक्ष ताहिरउद्दीन ताहिर ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ताजमहल जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के स्मारक में प्रतिबंधित स्थानों की निगरानी को लेकर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर विदेशी पर्यटक प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया?
________________________________________

Post a Comment
0 Comments