आगरा मेट्रो द्वितीय कॉरिडोर : ट्रेन को 959 यात्रियों के बराबर भार के साथ 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया, प्री-RDSO ऑसिलेशन टेस्ट सफल
आगरा, 03 नवम्बर। ताजनगरी में मेट्रो विस्तार की दिशा में बड़ा कदम आगे बढ़ा है। आगरा मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर पर यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारी के बीच प्री-RDSO ऑसिलेशन टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
80 किमी की रफ्तार पर परखी गई स्थिरता
परीक्षण के दौरान मेट्रो ट्रेन को 959 यात्रियों के बराबर भार के साथ 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। यूपीएमआरसी द्वारा यह ट्रायल डिपो के एंट्री रैंप से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के बीच किया गया। ट्रेन में सैंड बैग (60 से 80 टन भार) रखकर वास्तविक यात्री भार जैसी स्थिति बनाई गई और विभिन्न परिस्थितियों में ट्रेन, ट्रैक और सिविल संरचनाओं की मजबूती परखी गई। सभी तकनीकी मानक संतोषजनक पाए गए।
आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक जुड़ेगा शहर
द्वितीय कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक प्रस्तावित है। इस पर आगरा कैंट, सदर बाजार, प्रतापपुरा और कलेक्ट्रेट स्टेशनों पर निर्माण जारी है। एमजी रोड से कालिंदी विहार तक के शेष हिस्से में भी सिविल कार्य तेजी से चल रहा है।
इस कॉरिडोर के शुरू होने से संजय प्लेस, एमजी रोड, सुल्तानगंज क्रॉसिंग, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर, मंडी समिति और कालिंदी विहार जैसे प्रमुख व्यावसायिक, आवासीय क्षेत्रों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
यूपीएमआरसी के अनुसार, आने वाले समय में अन्य तकनीकी परीक्षण और निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यात्री सेवा शुरू करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments