नगर निगम स्थित स्टेट बैंक शाखा में रात में धुआँ उठने से मचा हड़कंप
आगरा, 03 नवम्बर। नगर निगम परिसर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में मंगलवार की रात्रि अचानक भारी मात्रा में धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक के अंदर धुआं भरने से हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और धुएं का स्त्रोत ढूंढ कर हालात पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग लगने से पहले ही धुएं पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। संजय प्लेस फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने अपनी टीम के साथ पूरे परिसर की सघन चेकिंग की।
सोनकर ने बताया कि रात करीब पौने आठ बजे फायर ब्रिगेड को बैंक शाखा में तेज धुंआ उठने की सूचना मिली थी। उनकी टीम तुरंत ही पहुंच गई। खोजबीन करने पर बैंक में लगा यूपीएस फुंकने जानकारी हुई। फायर ब्रिगेड ने तुरंत उससे नियंत्रण में लिया और कोई बड़ा हादसा होने से रोक दिया।
प्रारंभिक जांच में बैंक प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। बैंक के इंटीरियर में ज्वलनशील पैनल और पीवीसी का अत्यधिक उपयोग किया गया था, जो आग के खतरे को बढ़ाता है। पता चला है कि नगर निगम स्थित इस बैंक शाखा में अग्निशमन विभाग की एन ओ सी भी नहीं है। दमकल विभाग ने बैंक को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment
0 Comments