रमाडा चौराहे का नाम ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक,’ स्मृति में जले दीप, नारों से गूंजा उपवन
आगरा, 10 अक्टूबर। शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में कुआंखेड़ा स्थित कैप्टन शुभम गुप्ता स्मृति उपवन में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। कैप्टन शुभम फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किए। ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, शुभम तुम्हारा नाम रहेगा’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। इस दौरान जरूरतमंद 100 से अधिक स्कूली छात्राओं को वस्त्र वितरित किए गए।
केंद्रीय मंत्री ने किया नमन
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शहीद की वीरता को नमन करते हुए कहा कि शुभम गुप्ता के नाम पर मेट्रो स्टेशन का नामकरण होने से उनका नाम वर्षों तक जीवित रहेगा और युवा प्रेरणा लेंगे।
सेना के ब्रिगेडियर वी.के. दत्ता, कर्नल पूरन सिंह, कर्नल अवधेश कुमार (9 पैरा), कैप्टन महेश चाहर, सूबेदार महावीर सोलंकी, ग्रुप कैप्टन जयपाल सिंह चौहान ने पैराशूट रेजीमेंट स्पेशल फोर्स के कठिन प्रशिक्षण के बारे में बताया और युवाओं से शुभम के साहस को अपनाने का आह्वान किया।
सैनिक प्रशिक्षण केंद्र और ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक’
उद्योगपति पूरन डावर, डॉ. केशव दत्त गुप्ता, सीए प्रमोद चौहान और शहीद के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि स्मृति उपवन में युवाओं को सेना अधिकारी बनने के लिए उच्च स्तरीय सैन्य प्रशिक्षण केंद्र जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 50 लाख और कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने 25 लाख रुपये प्रदेश सरकार से स्वीकृत कराए हैं।
महापौर हेमलता दिवाकर और विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने बताया कि नगर निगम सदन के प्रस्ताव पर रमाडा चौराहे का नाम ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक’ किया जा चुका है। चौराहे पर प्रतिमा का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जल्द लोकार्पण होगा।
22 नवंबर को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन
भारत विकास परिषद के प्रमोद अग्रवाल, विनय सिंघल, धर्मगोपाल मित्तल, मनोज अग्रवाल ने बताया कि 22 नवंबर को बलिदान दिवस पर सूरसदन में कवि सम्मेलन होगा। देश के प्रख्यात कवियों ने सहमति दे दी है।
कार्यक्रम में डॉ. रामबाबू हरित, रवि शिवहरे, कर्नल राहुल गुप्ता, प्रधान जयपाल सिंह यादव उर्फ पप्पी भाई समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments