जनक भवन से चलीं सिया, सजल हुए सब नैन
आगरा, 09 अक्टूबर। श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत भावना एस्टेट रोड पर सजी जनकपुरी में शुक्रवार को वह भावुक क्षण आया, जिसने उत्सव को विरह में बदल दिया। विवाह के मंगल गीतों से गूंज रही मिथिला में जब जनकदुलारी माता सीता की विदाई की बेला आई, तो राजा जनक बने अशोक कुमार गोयल और रानी सुनयना बनीं लता गोयल का हृदय भर आया।
पूरा जनक परिवार भावविह्वल था। शोभिक गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल सहित परिवार के सदस्य और सभी सखियां स्वयं को संभाल नहीं पा रही थीं। विदाई का सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया, जब रानी सुनयना ने अपनी लाडली सीता का हाथ रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल के हाथों में सौंपा। यह केवल रस्म नहीं, बल्कि एक मां का विश्वास और आशीर्वाद था। इसके बाद राजा जनक ने राजा दशरथ बने संजय सिंघल से आत्मीय भेंट की। दो परिवारों की इस मिलनी ने अयोध्या और मिथिला के पवित्र रिश्ते को दर्शाया। साथ ही जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने रामलीला कमेटी के अध्यक्ष व विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल की मिलनी की।
प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के स्वरूपों की सजल नेत्रों से आरती उतारी गई। सबसे भावुक पल तब आया जब भाई शोभिक गोयल और मोहित गोयल ने बहन जनकदुलारी को गोद में भरकर डोली के स्थान पर सजे रथ तक पहुंचाया।
विदाई यात्रा घोड़ों पर सवार होकर होली पब्लिक स्कूल पहुंची, फिर भावना एस्टेट से वाहनों द्वारा नेहरू नगर स्थित जनक निवास गई। वहां माता जानकी ने हल्दी के थापे लगाए और पिता से विदाई ली।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, बृज क्षेत्र संगठन मंत्री अभय गिरी, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता भी मौजूद रहे।
व्यवस्थाओं में संतोष कटारा, अजय अवागढ़, नरेंद्र सिंह सेंगर, अशोक गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, सहित महिला समिति से अमृता पोरवाल, शिखा, रुचि, सीमा, शीतल, शालिनी समेत कई कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
जनकपुरी में शनिवार की शाम सात बजे लाडी संगीत मेकर ग्रुप बॉलीवुड कलाकारों के साथ रामायण प्रस्तुति देगा, जिसमें अभिनेता दारा सिंह के पुत्र बिंदु दारा सिंभी शामिल होंगे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments