शगुन के थाल सजे, मंगल गीत गूंजे… राजा दशरथ ने जनकजी को दिया राम की लगुन-सगाई का न्योता
आगरा, 04 अक्टूबर। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत श्रीराम विवाहोत्सव की मंगल बेला पर रविवार को अयोध्या-मिथिला का मिलन जीवंत हो उठा। नेहरू नगर राधा कृष्ण मंदिर से राजा दशरथ स्वरूप संजय सिंघल व रानी कौशल्या स्वरूप नीता सिंघल परिवार सहित बैंड-बाजों संग शगुन के थाल, फल-मेवा, मिष्ठान और रजत जड़ित आमंत्रण पत्र लेकर राजा जनक निवास पहुंचे।
बैंड की धुन पर नाचते-गाते परिवार जनक निवास पहुंचा तो राजा जनक स्वरूप अशोक कुमार गोयल व रानी सुनयना स्वरूप लता गोयल ने मोतियों की माला और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महिलाओं ने ‘लगुन आई हरे हरे’ गीत गाए।
दशरथ परिवार ने श्रीराम की लगुन-सगाई का न्योता दिया। दशरथ स्वरूप संजय सिंघल ने बताया सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत होगा। रानी कौशल्या स्वरूप नीता सिंघल ने बताया कि सात अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव में तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। शालिग्राम जी को विद्युत सज्जा वाले सिंहासन पर दूल्हे के रूप में ले जाया जाएगा।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, रामकिशन अग्रवाल, राकेश जैन, मुकेश जौहरी, उपमंत्री रामांशु शर्मा, अंजुल बंसल, विकास अग्रवाल, राहुल गौतम भी मौजूद थे। राजा जनक की ओर से मुरारीलाल फतेहपुरिया, कमलनयन, शोभिक गोयल, मोहित गोयल, अजय गर्ग अवागढ़, राजू यादव, मनोज बंसल, संजय गोयल, संतोष कटारा, अरविंद शर्मा, रुचि चतुर्वेदी ने अगवानी की।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments