रविवार की सुबह से दो रुपये और महंगी हो गई सीएनजी, अब 107 रु किलो हुई

आगरा, 04 अक्टूबर। सीएनजी के वाहन चलाना अब और महंगा हो गया है। ग्रीन गैस कंपनी ने रेट में फिर दो रुपये की बढ़ोत्तरी कर दी है। 
ग्रीन गैस लिमिटेड के विपणन अधिकारी किशन सिंह ने बताया कि नए मूल्य रविवार की सुबह छह बजे से लागू हो गए। कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) अब 105 रुपये की बजाय 107 रुपये प्रति किग्रा मिल रही है। उन्होंने बताया कि इनपुट लागत और डॉलर एक्सचेंज कीमतें बढ़ने से कंपनी को यह मूल्यवृद्धि करनी पड़ी है। 
कंपनी ने दो माह के भीतर यह दूसरी बढ़ोत्तरी की है। इससे पहले विगत अगस्त माह में गैस के रेट में तीन रुपये प्रति किग्रा की बढ़ोत्तरी की थी। उस समय गैस की दरें 102 से बढ़कर 105 रुपये प्रति किग्रा हो गई थीं।
ताजा बढ़ोत्तरी के बाद सीएनजी वाहन चालकों को 105 की बजाय अब 107 रुपये प्रति किग्रा की दर से गैस मिलेगी। इस साल अब तक छह बार मूल्यों में बदलाव हो चुका है।
गौरतलब है कि शहर में सीएनजी के 32 पंप हैं और प्रत्येक दिन एक लाख किग्रा गैस की बिक्री होती है। शहर में दस हजार से अधिक सीएनजी ऑटो और 1100 स्कूली बसें हैं। इसके अलावा कार सहित अन्य वाहन हैं। हालांकि बढ़ती सीएनजी दरों से परेशान बड़ी संख्या में ऑटो चालक बैटरी चालित ऑटो रिक्शे चलाने लगे हैं। इसीलिए पिछली सालों के मुकाबले अधिकांश सीएनजी पंपों पर ऑटो रिक्शों की कतारें कम दिखने लगी हैं। निजी कार चालकों का भी सीएनजी वाहनों से मोह भंग होता जा रहा है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments