“तुलसी विवाह रचि आजु, मंगल गावहिं मिथिलावासी”– जनकपुरी में तुलसी-शालिग्राम विवाह से गूंजा मंगलगान
आगरा, 07 अक्टूबर। श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर परिसर बुधवार की दोपहर वैदिक मंत्रों और मंगल गीतों से गूंज उठा। जनकपुरी महोत्सव में तुलसी महारानी और शालिग्राम जी का दिव्य विवाह महोत्सव पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ।
घूंघट की ओट में सजी तुलसी महारानी और सेहरा बांधे, शालिग्राम जी की मनोहारी छवि ने सभी का मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के बीच वरमाला और सिंदूरदान की रस्म हुई तो पूरा पंडाल जय श्रीराम और जय तुलसी माता के जयघोष से गूंज उठा।
विवाह की शोभायात्रा में राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल शालिग्राम को विधिवत लेकर विवाह स्थल पर पहुंचे। वहीं राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनयना के स्वरूप लता गोयल तुलसी महारानी को डोली में लेकर आईं।
विवाह की समस्त रस्में वेद प्रकाश प्रचेता, सुभाष चंद्र शास्त्री, मुकेश शास्त्री, किशोर लवानिया, हर्ष शास्त्री, राघव शास्त्री, राहुल रावत, आयुष शर्मा, कुनाल शर्मा, अरुण शास्त्री, गोपाल कृष्ण मुद्गल और दीपक शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराईं।
जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल के नेतृत्व में महिलाओं की टोली ने मंगल गीतों की ऐसी सुरलहरियां छेड़ीं कि वातावरण पूरी तरह विवाहोत्सव में रंग गया। शिखा, रुचि, सीमा, शालिनी, सिमी, शुचि, शीतल, वंदना, संगीता, मीना, मिशी, दीप्ति, ऋतु, प्रियंका ठाकुर, एकता, ज्योति, शालू, रुपाली, रिंकू आदि मौजूद रहीं।
जनक पक्ष से शोभिक गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल और जनकपुरी महोत्सव समिति की ओर से अध्यक्ष राजू यादव, अजय अवागढ़, मनोज बंसल, संतोष कटारा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments