राम बारात कल छह को, इस बार 168 झांकियां, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्जन
आगरा, 05 अक्टूबर। शहर की ऐतिहासिक श्रीराम बारात 6 अक्टूबर को धूमधाम से निकलेगी। श्रीरामलीला कमेटी की राम बारात में कुल 168 झांकियां होंगी, जिनमें 15 भव्य झांकियां खास आकर्षण रहेंगी। इनमें सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति, देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश होंगे।
अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि बारात दोपहर 3 बजे मुन्नालाल पेठा, रावतपाड़ा से गणेश जी की झांकी के साथ शुरू होगी। सभी झांकियां परंपरागत मार्ग पर चलेंगी। सुबह छह बजे जनकपुरी स्थित गणपति किंग्स काउंटी पहुंचने का लक्ष्य है। वहां अल्प विश्राम के बाद बारात जनकपुरी में भ्रमण करेगी।
इस बार का मुख्य आकर्षण ऐरावत हाथी रूपी रथ पर राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के स्वरूप विराजमान होंगे। उनके आगे चांदी के रथ पर लक्ष्मी-नारायण के स्वरूप विराजमान होंगे। शुरुआत में आठ फुट के गणेश जी हाथ जोड़कर स्वागत करेंगे। महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया दक्षिण से उत्तर तक के मंदिरों की झलक, नीब करोरी बाबा की झांकी भी शामिल है। विंटेज कारों का काफिला भी साथ चलेगा।
श्रृंगार प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया राम जी सात किलो का रजत मुकुट, लक्ष्मण 6.5 किलो का शेषनाग वाला मुकुट पहनेंगे, भरत-शत्रुघ्न के मुकुट 3.5 से 4 किलो के होंगे। मर्यादा बनाए रखने के लिए कोई झांकी नाचते हुए नहीं चलेगी। दो एंबुलेंस भी बरात के साथ रहेंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दोपहर दो बजे से ट्रैफिक डायवर्जन
बरात की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने अभेद्य व्यवस्था की है। पूरे मार्ग को चार जोन और आठ सेक्टर में विभाजित किया गया है। इनके अंतर्गत 17 सब-सेक्टर बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। हर 10 से 15 झांकियों के समूह के साथ पुलिस और पीएसी बल की टुकड़ी मौजूद रहेगी ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बनी रहे।
ड्रोन कैमरों से श्रीराम बारात के पूरे मार्ग की निगरानी की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादा कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। दोपहर दो बजे से विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू हो जाएगी। थाना क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।
_______________________________
Post a Comment
0 Comments