फिरोजाबाद में बड़ा हादसा: टेसू-झांझी विसर्जन जुलूस में घुसी तेज रफ्तार कार, तीन लड़कियों समेत चार की मौत
आगरा/फिरोजाबाद, 25 अक्टूबर। पड़ोसी जनपद फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र के छटनपुर गांव में आज रविवार रात करीब नौ बजे बड़ा हादसा हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने टेसू-झांझी का विसर्जन करने जा रहे 15 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लड़कियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
यहां टेसू-झांझी विसर्जन करने जा रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो जाने की खबर है। ग्यारह लोग घायल हैं जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, गांव के लोग ढोल-नगाड़ों के साथ टेसू-झेंझी विसर्जन के लिए जा रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने भीड़ में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी शिवानी ने बताया कि कार ड्राइवर नशे में था। ग्रामीणों ने बटेश्वर रोड पर ट्रैक्टर लगाकर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग चपेट में आ चुके थे। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार में सवार चार लोगों की जमकर पिटाई की। उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। सभी नशे में बताए गए।
मृतक और घायल
मृतकों में अंजली (15), ब्रजेश की बेटी आकांक्षा (15), बबली (17) और गंभीर सिंह के बेटे हरीश कुमार (25) शामिल हैं। दो की मौके पर और दो की जिला अस्पताल में मौत हुई।
घायलों में शिशुपाल का बेटा गुन्नू (6), अमर सिंह के बेटे चंद्रवीर (55), राम ब्रजेश के बेटे उमाशंकर (40), सुखवीर के बेटे धीरज (30), सोनू (29) और चंद्रवीर के बेटे मयंक (11) शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। सभी मृतक और घायल छटनपुर गांव के ही हैं।
अस्पताल में हंगामा, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद परिजन शवों को इमरजेंसी के बाहर रखकर घर ले जाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना कई बार देने के बाद भी पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची।
सूचना पर सिरसागंज विधायक सर्वेश यादव भी जिला अस्पताल पहुंच गए। मौके पर अधिकारियों सहित कई थानों का फोर्स मौजूद है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है।
___________________________________
Post a Comment
0 Comments