Agra News: खबरें आगरा की......
हर्ष दिवाकर बने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महानगर अध्यक्ष
आगरा, 11 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को अनुसूचित मोर्चा की सूची जारी की। युवा और सक्रिय कार्यकर्ता हर्ष दिवाकर को महानगर अध्यक्ष बनाया गया। पहली बार युवा मोर्चा की तर्ज पर अनुसूचित मोर्चा में भी युवा चेहरे को कमान दी गई है।
पार्टी का मानना है कि इससे अनुसूचित जाति के युवाओं में पकड़ मजबूत होगी। इससे पहले 2022 में हर्ष दिवाकर को अनुसूचित मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष बनाया गया था, जिस पर वे अब तक पदासीन थे। हर्ष ने सामाजिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से की और संघ की आईटीसी ट्रेनिंग पूरी की है। वे भाजपा के सक्रिय युवा नेताओं में गिने जाते हैं।
________________________________________
आचार्य विमल सागर की जयंती पर सम्मान समारोह
आगरा, 11 अक्टूबर। परमपूज्य आचार्य श्री 108 विमल सागर जी की जन्म जयंती और क्षमा वाणी पर्व पर रविवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत स्थित आचार्य शांति सागर सभागार में मेधावी छात्र-छात्रा, वरिष्ठजन, त्यागीव्रती और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजीव कुमार जैन अरुण कैमिस्ट परिवार, गौरव अतिथि मोहित जैन ट्रांस यमुना, चित्र अनावरण कर्ता ब्रजेश-विपुल-मुकुल जैन परिवार रॉयल क्राउन प्लाजा और दीप प्रज्ज्वलन कर्ता प्रमोद-प्रशांत-एकता जैन परिवार गणपति किंग्स काउंटी रहे। मंच सम्मान विवेक-शिल्पी जैन परिवार और प्रतिभा सम्मान कमल कुमार जैन परिवार ने किया।
संस्था अध्यक्ष अवनि कुमार जैन, उपाध्यक्ष सुशील कुमार जैन, मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अजय जैन, महामंत्री सुनील जैन, राजीव जैन केसरी, राहुल जैन और मीडिया प्रभारी विप्लव जैन ने बताया कि बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
________________________________________
वार्ड 83 में नवरात्र के पहले दिन सामुदायिक भवन का लोकार्पण
आगरा, 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन वार्ड 83 राजामंडी के अंतर्गत शिवराम की बगीची, टीला गोकुलपुरा प्रजापति बस्ती में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। क्षेत्रीय निवासियों की लंबे समय से मांग थी।
पूजा के बाद क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती मंजू प्रजापति, मंडल अध्यक्ष व पूर्व पार्षद राजेश प्रजापति और समाजसेवी अशोक गोला ने नारियल फोड़कर भवन का उद्घाटन किया। लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय महिलाएं और बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।
________________________________________
ताजगंज में जूते के गोदाम में लगी आग, लाखों का माल राख
आगरा, 11 अक्टूबर। ताजगंज क्षेत्र के वृंदा भगत विभव नगर स्थित कच्ची सराय में रविवार अलसुबह जूते के गोदाम में आग लग गई। सुबह करीब चार बजे लगी आग में लाखों का माल जलकर राख हो गया। बेसमेंट में बने गोदाम में आग से मकान का फर्श भी चटक गया।
सदर के राजपुर चुंगी निवासी रफीक पुत्र सलीम जूतों का कारोबार करते हैं। उन्होंने कच्ची सराय में किराए के मकान के बेसमेंट में गोदाम लिया था। दूसरे हिस्से में मकान मालिक समद का सामान रखा था।
सूचना पर ताजगंज पुलिस और दमकल विभाग पहुंचा। चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की है। पुलिस जांच कर रही है।
________________________________________
ताज कप 3x3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट, 85 टीमों ने लिया हिस्सा
आगरा, 11 अक्टूबर। होली पब्लिक स्कूल में आयोजित ताज कप 3x3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट में देशभर से 85 क्लब टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले अंडर-14, अंडर-19, सीनियर पुरुष और अंडर-17 बालिका वर्ग में हुए।
अंडर-14 फाइनल में सीडीबीए बिहार ने एपी हूपर मध्यप्रदेश को 15-11 से हराकर खिताब जीता। अंडर-17 बालिका वर्ग में सेंट कॉनरेड आगरा ने एकलव्य क्लब को 8-6 से हराया।
अंडर-19 और सीनियर पुरुष विजेता टीमों को 25-25 हजार रुपये और उपविजेता को 15-15 हजार रुपये, जबकि अंडर-14 बालक और अंडर-17 बालिका विजेता को 15-15 हजार और उपविजेता को 7100-7100 रुपये नकद, ट्रॉफी और मेडल दिए गए।
पुरस्कार वितरण में मुख्य अतिथि एजुकेशन ऑफिसर सुमित कुमार, होली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन संजय तोमर, निदेशक शम्मी तोमर, जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव डॉ. रीनेश मित्तल, वीरेंद्र वर्मा और हर्ष ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। संचालन नमनदीप सिंह और आशीष चौहान ने किया। निर्णायक राहुल सक्सेना, हरेंद्र प्रताप शर्मा, दीपक कुमार, आशीष वर्मा, पुलकित सिंह और प्रहलाद रहे।
________________________________________वार्ड-5 उखर्रा में पार्क की फेंसिंग पर हंगामा, लोगों ने फेंसिंग उखाड़ी
आगरा, 11 अक्टूबर। वार्ड-5 उखर्रा में पार्क की जमीन पर फेंसिंग को लेकर विवाद गहरा गया। पांच कॉलोनियों के लोग आमने-सामने आ गए और पूरे दिन तकरार के बाद धरने पर बैठ गए। आक्रोश में लोगों ने पार्क की फेंसिंग उखाड़ दी और बेंच तोड़ डालीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हटाया।
सैनिक विहार, नगला लटूरी सिंह, शंभू पैलेस, शांति नगर, नगला टेक चंद और दुर्गा पैलेस के लोगों ने धरना दिया। आरोप है कि सैयद उखर्रा मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज की चहारदीवारी से लगा दशकों पुराना रास्ता है। भाजपा पार्षद हेमलता चौहान ने फेंसिंग के नाम पर जमीन कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया। भाजपा मधुनगर मंडल उपाध्यक्ष बलवीर सिंह धारिया का कहना है कि लोग डीएम से शिकायत कर चुके हैं। पुलिस ने रास्ता छोड़ने को कहा था। लोग 30 फीट की जगह 25 फीट रास्ता छोड़ने पर भी तैयार हैं, लेकिन पार्षद अड़ी हैं। धरने में दलवीर सिंह, रामस्वरूप प्रजापति, अतर सिंह, हरवंश सिंह, मुकेश झा, सुरेश सिसौदिया मौजूद रहे।
वहीं पार्षद हेमलता चौहान ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम अभिलेख में रास्ता दर्ज नहीं है। वहां गंदगी और जानवर दफन होते थे, सफाई करा कर पौधे और बेंच लगवाईं। पांच कॉलोनियों के लिए देवरी रोड, भीम वाटिका और हिमाचल कॉलोनी होकर दो अन्य रास्ते हैं। विवाद को क्षेत्रीय विधायक शह दे रहे हैं।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments