ताजमहल में पर्यटकों के बीच मारपीट, बंदरों के हमले से भी दहशत
आगरा, 11 अक्टूबर। ताजमहल परिसर में शनिवार-रविवार दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी रही। एक ओर गार्डन में फोटो खिंचवाने को लेकर पर्यटक आपस में भिड़ गए, तो दूसरी ओर बंदरों के हमले में दो पर्यटक घायल हो गए।
पहली घटना गार्डन क्षेत्र की है। फोटो खिंचवाने को लेकर कहासुनी के बाद पर्यटकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दूसरी ओर, बंदरों का आतंक जारी है। रविवार को बंदरों ने दो पर्यटकों को काट लिया। आंध्र प्रदेश के सैयद ख्वाजा की दाईं एड़ी पर और अमेरिका की 57 वर्षीय कासिक शैनन जाय की बाएं हाथ की कोहनी के पास बंदर ने काट लिया, जिससे खून बहने लगा। दोनों को ताजमहल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
इससे पहले विगत 26 जुलाई को दक्षिण कोरियाई पर्यटक, 12 अगस्त को केरल के पर्यटक, 30 अगस्त को 6 वर्षीय अयांश, 3 सितंबर को दिल्ली की दीपिका गोयल समेत दो पर्यटक, 16 सितंबर को ब्रिटिश पर्यटक सुजैन एन बरेट और 23 सितंबर को ब्राजील व बंगाल के पर्यटकों पर बंदर हमला कर चुके हैं। लगातार हमलों के बावजूद बंदरों पर नियंत्रण के इंतजाम न होने से सवाल उठ रहे हैं।
____________________________________
Post a Comment
0 Comments