Agra News: खबरें आगरा की.....

पोइया घाट से पोइया गांव तक पीपा पुल, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया निरीक्षण
आगरा, 28 अक्टूबर। दयालबाग के पोइया घाट से पोइया गांव तक पीपा पुल का निर्माण होने जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल और एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के प्रयासों से इस पुल के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।
मंगलवार को केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने प्रस्तावित पीपा पुल स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की रूपरेखा देखी।
इस पीपा पुल के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अभी लोगों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता है, लेकिन पुल बनने के बाद सीधा संपर्क हो जाएगा। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी और आसपास के गांवों के लोगों का आना-जाना सुगम हो सकेगा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
__________________________________________
आगरा के स्केटर्स ने मेरठ में दिखाया जलवा, राज्य चैंपियनशिप में जीते तीन पदक
आगरा, 28 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 24 से 27 अक्टूबर तक मेरठ में आयोजित प्रतियोगिता में शहर के स्केटर्स ने कुल तीन पदक अपने नाम किए।
पियूष और सौरभ ने दिलाई सफलता
आठ से 10 वर्ष आयु वर्ग की क्वाड कैटेगरी में पियूष शाक्या ने 200 मीटर क्वाड रोड रेस में कांस्य पदक जीता। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रोफेशनल इनलाइन कैटेगरी में सौरभ प्रजापति ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीते। सौरभ ने 500 मीटर रिंक रेस और 1000 मीटर रिंक रेस दोनों स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल हासिल किया।
जिला रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव गगन मदान ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। अध्यक्ष रवि नारंग ने पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के अन्य युवा स्केटर्स को भी प्रेरित करेगी।
__________________________________________
डॉ. पटनी डायलिसिस सेंटर पर लगा नि:शुल्क किडनी परामर्श शिविर, 18 मरीजों ने लिया लाभ
आगरा, 28 अक्टूबर। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित डॉ. एन. एल. पटनी डायलिसिस सेंटर, खंदारी पर बुधवार को गुर्दा रोग, हाइपरटेंशन और किडनी से जुड़ी समस्याओं के लिए निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में डी.एम. नेफ्रोलॉजी डॉ. वर्तुल गुप्ता ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। कुल 18 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया, जिनमें आठनए मरीज शामिल थे। कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल और महामंत्री राजकुमार जैन ने बताया कि कमेटी द्वारा आगे भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा। शिविर में उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल, मंत्री प्रशांत गुप्ता, नंदकिशोर गोयल और टेक्नीशियन चंद्रा का सहयोग रहा।
__________________________________________
गढ़ी भदौरिया पथवारी देवी मंदिर में हनुमान मंदिर निर्माण के लिए हवन-पूजन संपन्न
आगरा, 28 अक्टूबर। गढ़ी भदौरिया चौराहा स्थित पथवारी देवी मंदिर परिसर में हनुमान जी के मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ बुधवार को वैदिक हवन-पूजन के साथ हुआ।
संत शिरोमणि गुरु रविदास वेदांत आश्रम सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दस बजे पंडित भेद प्रकाश शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और आरती के साथ की गई। मुख्य यजमानों और संतों ने मंदिर निर्माण निर्विघ्न पूर्ण होने और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां दीं। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष तरुण कुमार सहित पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से मंदिर का भव्य निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष दीनू भाई, जयराम केन, कोषाध्यक्ष बीरेंद्र निगम, महासचिव देवेंद्र, संगठन मंत्री ज्ञानेन्द्र प्रभाकर, संरक्षक जगदीश प्रसाद, राजकपूर सहित आकाश, रमेश चंद्र, प्रदीप पिप्पल, दीपक, निरंजन सिंह, यति नंदन आर्य, दया शंकर, सूरज शर्मा, भुवन शर्मा, शिव कुमार शर्मा मौजूद रहे।
__________________________________________
अभिनेत्री और सांसद कंगना के 'गटर जेनरेशन' बयान पर रिवीजन में बहस पूरी, फैसला सुरक्षित
आगरा, 28 अक्टूबर। भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर छात्रों को 'गटर जेनरेशन' कहने के मामले में जिला जज संजय कुमार मलिक की कोर्ट में मंगलवार को रिवीजन पर करीब एक घंटे बहस हुई। कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया।
वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा और सुखबीर सिंह चौहान ने यह जानकारी देते हुए कहा कि अपर न्यायालय ने विगत तीन सितंबर को परिवाद बिना सुने ही इस आधार पर खारिज कर दिया था कि वादी पीड़ित नहीं है।
अधिवक्ताओं ने दलील दी कि राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल सहित कई नेताओं के बयान दिल्ली में दिए गए, पर उनके खिलाफ बनारस, हरियाणा, कर्नाटक समेत देश के विभिन्न हिस्सों में गैर-पीड़ित लोगों ने FIR/परिवाद दर्ज कराए। राहुल गांधी के खिलाफ ही 45 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिर आगरा कोर्ट दोहरा मापदंड क्यों अपना रही है। उन्होंने कहा कि कंगना का बयान देश की एकता-अखंडता और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। धारा 152 के तहत एकता के विरुद्ध वक्तव्य और धारा 356 के तहत अपमानजनक टिप्पणी दंडनीय है। वादी स्वयं एक छात्रा का पिता है और उसने बेटे ध्रुव शर्मा के शैक्षणिक दस्तावेज भी लगाए हैं, लेकिन अवर न्यायालय ने बिना सुने खारिज कर दिया। कोर्ट ने वादी पक्ष से रूलिंग मांगी, जो प्रस्तुत की गई।
__________________________________________





ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments