13 अक्टूबर से ग्रेटर नोएडा में 62वां इंडियन हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट्स फेयर, आगरा के 40 से अधिक निर्यातक लेंगे हिस्सा
आगरा, 10 अक्टूबर। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित हस्तशिल्प निर्यात के प्रमुख मेले इंडियन हैंडीक्राफ्ट्स एंड गिफ्ट्स फेयर ऑटम 2026 का 62वां संस्करण 13 से 17 अक्टूबर तक एक्सपोमार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा।
ऑटम फेयर कमेटी के अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने बताया कि मेले में देश के बड़े होलसेल खरीदारों के अलावा विदेशों से भी बायर आएंगे। अब तक 3000 से अधिक बायरों ने कन्फर्मेशन दिया है। मेला 18 अलग-अलग हॉल में आयोजित होगा। प्रदर्शकों को 7 से 10 अक्टूबर तक स्टॉल बनाने और 11 अक्टूबर रात तक सजावट का समय दिया गया है। 12 अक्टूबर को सफाई के बाद 13 से मेला शुरू होगा।
ईपीसीएच अध्यक्ष नीरज खन्ना ने कहा कि यह आयोजन भारत की युवा शक्ति और विविधता को दर्शाता है और भारत को हर तरह के खरीदारों के लिए पसंदीदा सोर्सिंग गंतव्य बनाने की दिशा में कदम है।
आगरा के निर्यातकों के लिए संजीवनी - रजत अस्थाना
आगरा के प्रमुख हस्तशिल्प निर्यातक रजत अस्थाना ने कहा कि वैश्विक युद्ध, मंदी और अमेरिकी टैरिफ वॉर के बीच यह मेला आगरा के निर्यातकों के लिए संजीवनी की तरह है। आगरा में अधिकतर सूक्ष्म स्तर की इकाइयां हैं, जिनमें आगे बढ़ने की पूरी गुंजाइश है।
उन्होंने बताया कि आगरा के स्टोन इनले हैंडीक्राफ्ट्स को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (GI) मिलने से विदेशी ग्राहकों का रुझान और बढ़ेगा।
इस बार मेले में आगरा से 40 से अधिक, फिरोजाबाद से 60, अलीगढ़ से 4, हाथरस से 3 और मथुरा से 1 निर्यातक अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। सभी अपने स्टॉल सजाने में जुटे हैं।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments