आगरा में तीन दिवसीय कहानी कार्यशाला सात से, नई पीढ़ी के कहानीकारों को गढ़ने का काम करेगी
आगरा, 04 सितम्बर। शहर में तीन दिन की एक बड़ी कहानी लेखन कार्यशाला शहर में होने जा रही है। देश के छह बड़े कहानीकार पेशेवर कहानी लिखने का प्रशिक्षण देने के लिए मौजूद रहेंगे।
कहानी की प्रमुख पत्रिका 'कथादेश' के संपादक हरिनारायण ने शुक्रवार को वर्कशॉप का पोस्टर जारी करते यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 7, 8 और 9 सितम्बर को स्थानीय 'ग्रांड होटल' में होने वाली इस वर्कशॉप में जितेंद्र भाटिया (जयपुर), महेश कटारे (ग्वालियर), विभांशु दिव्याल (गाज़ियाबाद), सत्यनारायण (जोधपुर), योगेंद्र आहूजा (नई दिल्ली) और शक्ति प्रकाश (आगरा) जैसे नामचीन कहानीकार तथा जयप्रकाश (राजनाँदगाँव) एवं प्रियम अंकित (आगरा) जैसे हिंदी कहानी के ख्याति प्राप्त आलोचक प्रशिक्षुओं को सघन प्रशिक्षण देने को मौजूद रहेंगे।
'कथादेश' और सांस्कृतिक संस्था 'रंगलीला' के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली वर्कशॉप का आयोजन एसिड हमलों की शिकार महिलाओं का सामाजिक संगठन 'शीरोज़' कर रहा है। उद्घाटन ग्रांड होटल में 7 सितम्बर को अपराह्न 4 बजे वरिष्ठ कथाकार जितेंद्र भाटिया (जयपुर) करेंगे। तीन दिन की उक्त वर्कशॉप पूर्णतः निशुल्क है।
वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी अनिल शुक्ल ने कहा, "वर्कशॉप को आयोजित करने का मक़सद क़िस्सा-कहानी बुनने और गढ़ने की उन्नीसवीं और बीसवीं सदी के (आगरा में जन्मे) उर्दू और हिंदी के बड़े कहानीकारों की रवायत को फिर से ज़िंदा करना है।"
कथाकार और लेखक अरुण डंग ने कहा कि यह वर्कशॉप प्रशिक्षणार्थियों को यह समझने में मदद करेगी कि उनमें से हर एक के पास सुनाने के लिए कहानियां तो होती हैं लेकिन वे उन्हें बुन नहीं पाते। साहित्य समीक्षक प्रो रामवीर सिंह ने कहा कहानी की परंपरा बहुत पुरानी है। लोग कहानी कहते और सुनते आए हैं, अब इसको नए सिरे से शुरू किया जा रहा है, विशेष फोकस इसमें युवा रहेंगे।
उर्दू कथाकार नसरीन बेगम ने कहा कि वर्कशॉप में प्रशिक्षित अभ्यथियों को आने वाले चार महीनों में दो मिनी वर्कशॉपों में बुलाया जाएगा जहाँ वे अपने इस बीच के कहानी लेखन की जांच करवा सकें और खुद को और ज़्यादा पैना बना सकें। डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने कहा कि दादी नानी की कहानियों का दौर अब समाप्त हो जाने से नई पीढ़ी कहानी से वंचित हो गई है लेकिन स्टोरी टेलिंग और पॉडकास्ट के जरिए कहानी आगे बढ़ रही है।
इस दौरान अर्जुन सवेदिया, मीडिया प्रभारी डॉ महेश धाकड़, अजय तोमर, रामभारत उपाध्याय, अर्निका माहेश्वरी, मनोज सिंह, कमल भी मौजूद थे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments