आगरा में जन्माष्टमी पर झमाझम बारिश से स्मार्ट सिटी हुआ जलमग्न, दुकानदारों की बिक्री पर भी मार

आगरा, 04 सितम्बर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महापर्व पर मौसम ने अचानक करवट ले ली। शनिवार को शहर समेत आसपास के जिलों में झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश ने नगर निगम के स्मार्ट सिटी के सभी दावों की पोल खोल कर रख दी। कुछ ही घंटों की बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया।
तेज बारिश के कारण शहर की पॉश कॉलोनी कहे जाने वाले कमला नगर, दयालबाग, विजय नगर, आवास विकास और शास्त्रीपुरम में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। नालियां चोक होने से बारिश का पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घरों के अंदर तक घुस गया। लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए मोटर लगानी पड़ी। नगर निगम की नाला सफाई के दावे पूरी तरह फेल साबित हुए।
बाजारों में पसरा सन्नाटा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के चलते बाजारों में सुबह से ही खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी हुई थी। लोग भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, मोर पंख, मटकी और फूल बंगला सजाने का सामान खरीद रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए लोगों को आसपास की दुकानों में घुसकर अपना बचाव करना पड़ा। देखते ही देखते बाजारों में सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर जलभराव के कारण कई जगहों पर जाम लग गया और वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।
अस्थाई दुकानों और खुले में लगी धार्मिक झांकियों को भी नुकसान
झमाझम बारिश से अस्थाई दुकानों और खुले में लगी धार्मिक झांकियों को भी नुकसान पहुंचा। अस्थाई दुकानों में रखा सामान भीग गया। दुकानदार तिरपाल आदि से ढककर अपने सामान को बचाने की जुगत में लगे रहे। केंद्रीय हिन्दी संस्थान मार्ग खंदारी पर स्थित मंदिर में खुले में लगी झांकियां भी बारिश प्रभावित हो गईं। अन्य स्थानों पर भी पंडालों में पानी भर गया। कई साल बाद ऐसा देखने को मिला जब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर तेज बारिश हुई।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments