युवती को ब्लैकमेल कर ऐंठे पैसे और जेवर, सगाई हुई तो घर में घुसकर की छेड़खानी
आगरा, 04 सितम्बर। एत्मादद्दौला थाना क्षेत्र से युवती से ब्लैकमेलिंग और छेड़खानी का मामला सामने आया है। शांति विहार, गौतम नगर की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने युवक पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने, नकद रुपये और जेवर ऐंठने और सगाई तय होने के बाद घर में घुसकर जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी फराज अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निजी तस्वीरें दिखाकर करता था ब्लैकमेल
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि आरोपी फराज अहमद के पास उसकी कुछ निजी तस्वीरें थीं। उन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लंबे समय से उस पर दबाव बना रहा था। युवती का आरोप है कि तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर आरोपी उससे लगातार पैसों की मांग करता था।
शिकायत के अनुसार, बदनामी के डर से युवती ने कई बार आरोपी को नकद रुपये दिए। आरोप है कि एक बार तो उसे अपनी बहन के सोने के जेवर भी निकालकर देने पड़े। युवती का कहना है कि इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं, वह लगातार उसे परेशान करता रहा।
सगाई हुई तो बौखलाया आरोपी
युवती ने बताया कि विगत सात अगस्त को उसकी सगाई कहीं और तय हो गई थी। इसके बाद उसने आरोपी से साफ कह दिया कि वह अब पुराने रिश्ते को खत्म कर चुकी है और उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहती। इस बात से आरोपी बुरी तरह नाराज हो गया और उसे अंजाम भुगतने की धमकी देने लगा।
घर में अकेली पाकर घुसा, की जबरदस्ती
आरोप है कि सगाई की बात से बौखलाए आरोपी ने युवती का पीछा शुरू कर दिया। मौका पाकर वह उसके घर पहुंच गया। उस समय युवती घर पर अकेली थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी जबरन घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। खुद को बचाने के लिए युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य दौड़ते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद पीड़िता ने एत्मादद्दौला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी फराज अहमद के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, जबरन घर में घुसने, छेड़खानी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि निजी तस्वीरों, पैसों और जेवर से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments