पानी को लेकर हाहाकार, युवक मेट्रो ट्रैक पर चढ़ा, एमजी रोड पर लगा एक किमी लंबा जाम

आगरा, 19 सितम्बर। शहर में पानी की किल्लत को लेकर शनिवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने एमजी रोड स्थित धाकरान चौराहे पर जाम लगा दिया, वहीं एक युवक विरोध में मेट्रो ट्रेन के निर्माणाधीन एलिवेटेड ट्रैक पर चढ़ गया। करीब आधा घंटे तक ट्रैक पर बैठा रहा और आत्महत्या की धमकी देता रहा। पुलिस के काफी समझाने के बाद वह नीचे उतरा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवक की पहचान पवन धाकड़ के रूप में हुई। उसका कहना था कि पिछले छह महीने से क्षेत्र में पानी की भारी समस्या है। मेट्रो निर्माण के कारण एक पाइप लाइन एक माह से बंद पड़ी है। बड़ा गालिबपुरा, छोटा गालिबपुरा, तोपखाना, हवेली करीब खां, डेरा सरस, हल्का मदन समेत कई इलाकों के करीब 20 हजार लोग पानी के लिए परेशान हैं। लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि यह एमएलसी विजय शिवहरे और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का क्षेत्र है। उनके यहां पानी की सप्लाई है, लेकिन आम जनता बूंद-बूंद को तरस रही है।
युवक के मेट्रो पुल पर चढ़ते ही समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एमजी रोड पर आ गए। जाम लगने से करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर थाना नाई की मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर और पवन को ट्रैक से नीचे उतारकर जाम खुलवाया।
_________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments