Agra News: खबरें आगरा की.....
साहित्यकार योगेश चंद्र शर्मा 'योगी' को 'हिंदी काव्य भूषण' सम्मान
आगरा, 15 सितम्बर। वरिष्ठ कवि, साहित्यकार और रामकथा मर्मज्ञ पं. योगेश चंद्र शर्मा 'योगी' को राजस्थान के श्रीनाथद्वारा में 'हिंदी काव्य भूषण' की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
श्रीनाथद्वारा के भगवती प्रसाद देवपुरा प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय 'हिंदी लाओ-देश बचाओ समारोह-2026' में साहित्य-मंडल ने उन्हें उपाधि-पत्र, श्रीनाथजी की छवि, मेवाड़ी पगड़ी, शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अमर सिंह बधान और पं. ब्रजेश कौशिक रहे। अध्यक्षता पं. मदन मोहन शर्मा ने की।
लॉयर्स कॉलोनी निवासी 81 वर्षीय योगी को हाल ही में वाराणसी में 'रामायणी सम्मान' से भी सम्मानित किया गया था।
______________________________________
बुद्धा पार्क की सुरक्षा को लेकर जाटव समाज ने सौंपा ज्ञापन
आगरा, 15 सितम्बर। कालिंदी विहार में निर्माणाधीन बुद्धा पार्क की सुरक्षा को लेकर भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पार्क में लगी भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर चढ़कर कुछ असामाजिक तत्व रील बनाकर वायरल कर रहे हैं। इससे अंबेडकर और बौद्ध अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई हैं और रोष है।
उपेन्द्र सिंह ने कहा कि बुद्धा पार्क करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है, सुरक्षा सुदृढ़ की जाए। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीर मानते हुए ठेकेदार को निर्देश दिए और पुलिस आयुक्त को पत्र भेजने की बात कही। आश्वस्त किया कि पार्क की गरिमा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान एडवोकेट अर्जुन सिंह, छाया वर्मा, सोनिका पिप्पल, लवकुश सहित अन्य मौजूद रहे।
______________________________________
शांतिपुरम में व्यापारी को फायर कर रंगदारी की धमकी पर सपा नेता ने उठाए सवाल
आगरा, 15 सितम्बर। समाजवादी पार्टी के नेता विनय अग्रवाल ने एक बयान में कहा कि बैनारा फैक्ट्री के पीछे शांतिपुरम में कृष्णा डेयरी मालिक हरिशंकर को बदमाशों ने हवा में फायर कर रंगदारी की धमकी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन एफआईआर अगले दिन दोपहर थाना जगदीशपुरा में दर्ज हुई।
बयान में कहा गया कि जब पुलिस मौके पर पहुंच गई तो एफआईआर में देरी क्यों ही? इसकी जांच होनी चाहिए। जब अपराधी खुलेआम फायरिंग कर रंगदारी मांग रहे हैं तो कानून का राज कहां है? खोखले नारे नहीं, सख्त कार्रवाई चाहिए।
______________________________________
विश्वविद्यालय के लेखा विभाग के दो कर्मचारियों के उत्पीड़न की सीएम से शिकायत
आगरा, 15 सितम्बर। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के लेखा विभाग में तैनात दो कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी गई है।
सेवानिवृत्त कर्मचारी एसके वर्मा ने पत्र में आराेप लगाया है कि लेखा विभाग में राजीव और नशीष पिछले 20 सालों से एक ही सीट पर जमे हैं, जो शासन नियमों का उल्लंघन है। विश्वविद्यालय अधिकारी भी कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं करते।
आरोप है कि दोनों कर्मचारी अवशेष भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के एसीपी आदि के नाम पर कर्मचारियों का शोषण कर अनुचित लाभ ले रहे हैं। परेशान होकर कई कर्मचारी कोर्ट की शरण में जा चुके हैं, फिर भी कार्यप्रणाली जस की तस है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विश्वविद्यालय के सक्षम अधिकारियों को निर्देश देकर इन दोनों से निजात दिलाई जाए ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।
______________________________________
छावनी परिषद का हिंदी पखवाड़ा पुरस्कार वितरण संपन्न
आगरा, 15 सितम्बर। छावनी परिषद में हिंदी पखवाड़ा के तहत पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
हिंदी निबंध में हेमलता आर्य प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय और सहायक अध्यापिका हेमलता तृतीय रहीं। हिंदी कविता में राधा शर्मा को प्रथम, प्रदीप कुमार को द्वितीय तथा दीपा भगत और सोनाली चक्रवर्ती को तृतीय स्थान मिला। श्रुतलेख में नीरू प्रथम, अंकुर लवानिया द्वितीय और प्रदीप कुमार तृतीय रहे।
मुख्य अधिशासी अधिकारी दीपक मोहन ने सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार सुशील सरित ने कहा कि इस बार हिंदी दिवस का विषय 'वंदे मातरम' है। उन्होंने वंदे मातरम के इतिहास, महत्व और प्रथम संगीतबद्ध प्रस्तुति के बारे में बताया जो बंकिम चंद्र द्वारा रचित और यदुनाथ के निर्देशन में कोलकाता में हुई थी। उन्होंने मूल वंदे मातरम और उसके काव्य अनुवाद का पाठ भी किया। संचालन सीपी सिंह ने किया।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments