जन्मदिन पर बांके बिहारी के दर्शन करने स्कूटी से निकले थे आगरा के दंपत्ति, पत्नी को आए नींद के झोंके ने ले ली उसकी जान, पति के सामने ट्रैक्टर ने कुचला

मथुरा/आगरा, 15 सितम्बर। जन्मदिन मनाने और बांके बिहारी के दर्शन की खुशी मातम में बदल गई। आगरा से वृंदावन जा रहे दंपत्ति के साथ रिफाइनरी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के कटरा वजीर खां निवासी अंशू वार्ष्णेय (29) अपनी पत्नी मोना वार्ष्णेय (26) के साथ स्कूटी से वृंदावन जा रहे थे। बताया गया है कि मोना का जन्मदिन था और दोनों बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने निकले थे।
आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रिफाइनरी गेट नंबर नौ के पास फ्लाईओवर से उतरते समय अचानक मोना को नींद का झोंका आ गया। संतुलन बिगड़ने से वह चलती स्कूटी से सड़क पर गिर पड़ीं। पति अंशू कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खाली ट्रैक्टर का पहिया मोना के ऊपर से गुजर गया।
   
अस्पताल में मृत घोषित
हादसा देख राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मोना को जिला अस्पताल मथुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रिफाइनरी थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसका पता लगाने में जुटी हुई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जन्मदिन की खुशी के बीच हुई मौत से परिजन सदमे में हैं।
__________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments