सनसनीखेज: मलपुरा में नहर किनारे पानी की टंकी में मिला नवजात का कंकाल

आगरा, 08 सितंबर। थाना मलपुरा क्षेत्र के गांव मिर्जापुर के पास नहर किनारे मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां पांच सौ लीटर की प्लास्टिक की पानी की टंकी के अंदर नवजात शिशु का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब छह बजे ग्रामीण नहर की तरफ गए थे। तभी उन्हें एक सफेद रंग की प्लास्टिक की पानी की टंकी से तेज दुर्गंध आती महसूस हुई। शक होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब टंकी को खोलकर देखा तो अंदर नवजात का कंकाल पड़ा था। दृश्य देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई।
 
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कंकाल करीब 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। नवजात लड़का था या लड़की, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने बताया कि टंकी नहर किनारे सुनसान जगह पर पड़ी थी। आशंका है कि किसी ने नवजात के शव को टंकी में डालकर यहां फेंक दिया होगा। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और हाल में हुए प्रसव आदि के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments