आरोप: टोरेंट पावर की मनमानी से उपभोक्ता परेशान, प्रीपेड मीटर पोस्टपेड में नहीं बदले जा रहे

आगरा, 08 सितम्बर। आगरा मंडल व्यापार संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद्र गोयल एवं महामंत्री त्रिलोक चंद शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि टोरेंट पावर कम्पनी की हठधर्मिता के चलते प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में नहीं बदला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर शहर में काफी विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन को देखते हुए प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री ने घोषणा की थी कि उपभोक्ताओं की मांग पर प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में परिवर्तित किया जाएगा। घोषणा को दो माह बीत चुके हैं, लेकिन विद्युत फ्रेंचाइजी टोरेंट पावर लिमिटेड ने अभी तक यह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई है। उपभोक्ता टोरेंट के दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
 
गिरीश चंद्र गोयल ने कहा कि यदि टोरेंट पावर जल्द कार्रवाई नहीं करता तो संगठन टोरेंट पावर के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगा। उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन के विद्युत प्रकोष्ठ के उप चेयरमैन प्रदीप कुमार लूथरा ने कहा कि यदि किसी भी उपभोक्ता को बिजली से संबंधित कोई समस्या हो रही है तो वह संगठन के कार्यालय मीनाक्षी टावर, बेलनगंज पर दोपहर तीन से पांच बजे तक आकर संपर्क कर सकता है। संगठन उच्च अधिकारियों और लाइसेंसी दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों से मिलकर उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान कराने में पूरा सहयोग करेगा।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments