दो पक्षों में फायरिंग, आधा दर्जन घायल, घरों में दुबके लोग
आगरा, 06 सितंबर। थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के बमरौली कटारा गांव में जमीन के पारिवारिक विवाद में रविवार को जमकर फायरिंग हुई। करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलने से गांव में दहशत फैल गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, धर्मेंद्र और राजपाल दोनों पक्ष पारिवारिक हैं। विवादित जमीन राजपाल के नाम बताई जा रही है। रविवार को धर्मेंद्र पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की दीवार गिराने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ओर से एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई, लोग घरों में दुबक गए। गनीमत रही कि दोनों पक्षों के किसी सदस्य को गोली नहीं लगी, लेकिन चपेट में आकर पड़ोस के लोग घायल हो गए।
संघर्ष में सुघर सिंह, जितेंद्र कर्दम, छविराम, लक्ष्मी देवी, गौरव राणा और आरव के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और शामिल लोगों की जांच की जा रही है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments