लूट-छिनैती की कई वारदातें की, अब पड़ी पैर के पुलिस की गोली, दो गिरफ्तार
आगरा, 06 सितम्बर। लूट और छिनैती की बढ़ती वारदातों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डौकी और फतेहाबाद थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम की विगत रात्रि बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। घेराबंदी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में दोनों ने डौकी, फतेहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लूट-छिनैती की कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, पुरानी वारदातों और लूटे गए माल के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, फतेहाबाद क्षेत्र में हुसैनापुर रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस के निशाने पर आए। रोकने पर वे भागने लगे। पीछा कर घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में इटावा निवासी वीकेश के पैर में गोली लग गई। दूसरे आरोपी की पहचान शमसाबाद निवासी सोनू उर्फ लुका के रूप में हुई है।
मौके से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, 18 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद हुई है। बरामद जेवरात और नकदी का मुकदमों से मिलान किया जा रहा है।
पिछले कई दिनों से इन क्षेत्रों में लूट की घटनाओं से पुलिस पर दबाव था। इसके बाद एसओजी और सर्विलांस को लगाया गया था। हुसैनापुर रोड पर हुई इस मुठभेड़ को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब बदमाशों का आपराधिक इतिहास और नेटवर्क खंगाल रही है।

Post a Comment
0 Comments