Agra News: खबरें आगरा की....

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले सांसद नवीन जैन, सेवा पखवाड़ा और युवा शक्ति पर चर्चा
आगरा/नई दिल्ली, 08 सितंबर। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर संगठन, सेवा पखवाड़ा और युवा भागीदारी पर चर्चा की।
बैठक में Gen-Z यानी नई पीढ़ी की भूमिका पर व्यापक विमर्श हुआ। युवाओं की सोच, ऊर्जा और तकनीकी समझ को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, उनमें सामाजिक दायित्व और नेतृत्व भावना मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले 'सेवा पखवाड़ा' को जनभागीदारी अभियान के रूप में आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच और जनसमस्याओं के समाधान पर बात हुई।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार को जनमत और जनविश्वास से जोड़ने पर भी विचार हुआ। कहा गया कि अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा कर ही जनविश्वास मजबूत होगा। सांसद नवीन जैन ने कहा अंत्योदय, जनसेवा और जनविश्वास से ही मजबूत जनमत और सशक्त लोकतंत्र बनता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में सेवा और विकास को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में जोड़ना प्राथमिकता है।
_______________________________________
सीसी रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास 
आगरा, 08 सितम्बर। सेक्टर 7 आवास विकास कॉलोनी में शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज के पीछे मंगलवार को मनोनीत पार्षद सुषमा जैन के प्रयासों से सीसी रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास मंडल अध्यक्ष राहुल जैन ने किया।
भाजपा नेता डॉ पार्थ सारथी शर्मा , पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध भदोरिया,  उमेश कुलश्रेष्ठ,  महावीर गौतम, बीएस यादव,  रणवीर सिंह तोमर, सौरव गुप्ता,  दीपेश अग्रवाल, राजा पंडित, क्षेत्रीय जनता व नगर निगम की टीम मौजूद रही।
__________________________________________
एसएन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर सपा का प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग
आगरा, 08 सितंबर। एसएन मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार और बदहाल व्यवस्था के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को हल्ला बोला। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंडलायुक्त कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। धक्का-मुक्की के बाद कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए।
बाद में सपा प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी ताज सुरक्षा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया। आरोप लगाया कि वर्ष 1854 में स्थापित कॉलेज दो करोड़ लोगों का सहारा है, पर यहां अल्ट्रासाउंड के लिए 2-3 महीने की तारीख, सीटी स्कैन के लिए घंटों इंतजार और प्रसूति वार्ड में बाहर से दवाइयां मंगाई जा रही हैं। दलालों और मेडिकल स्टोर के गठजोड़, अवैध पार्किंग वसूली, गंदगी और पेयजल-शौचालय की कमी के आरोप भी लगाए। सपा ने न्यायिक जांच, दोषियों पर एफआईआर व निलंबन, जर्जर भवनों का सेफ्टी ऑडिट, 24 घंटे में रिपोर्ट और सीसीटीवी-हेल्पलाइन की मांग की। सात दिन में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज पर धरना और डीएम कार्यालय घेराव की चेतावनी दी।
__________________________________________
जीएसटी प्रावधानों पर टैक्सेशन बार की गोष्ठी
आगरा, 08 सितंबर। टैक्सेशन बार एसोसिएशन द्वारा राज्य कर कार्यालय सभागार, जयपुर हाउस में जीएसटी के नवीन प्रावधानों और सर्कुलर पर विचार गोष्ठी हुई। 
एडवोकेट गौरव शर्मा ने धारा 122 के तहत दंड पर बताया कि फर्जी बिलिंग, गलत ITC क्लेम और बिना माल के बिल पर सख्त कार्रवाई होती है। अनजाने गलती और कर चोरी में अंतर समझना जरूरी है। 
 
एडवोकेट संचिता अग्रवाल ने नियम 86B के तहत 1% नकद भुगतान और उसके रिफंड/क्रेडिट पर भ्रम दूर किया और नवीन सर्कुलर समझाए। एडवोकेट अभिनव बंसल ने RCM की प्रयोज्यता पर बताया कि अधिवक्ता सेवा, GTA और अपंजीकृत डीलर से खरीद पर RCM लागू होता है। एडवोकेट अभिषेक आनंद ने RCM के तहत भुगतान कर पर ITC की उपलब्धता और समय पर दस्तावेजीकरण की अहमियत बताई। एडवोकेट राकेश बाबू गर्ग ने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के नवीन फैसलों और सर्कुलरों को बचाव में उपयोग पर चर्चा की।
इससे पूर्व शुभारंभ अध्यक्ष राजकिशोर खंडेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संचालन महासचिव अखिलेश भटनागर और पीयूष खंडेलवाल ने किया। गोष्ठी में बुकलेट वितरित की गई। धन्यवाद उपाध्यक्ष परमेंद्र पाल सिंह ने दिया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष रूप किशोर, आर दीक्षित, सुनील आनंद, शशिकांत गुप्ता समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
__________________________________________
सूरसदन में आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण, लाभार्थियों को मिली सौगात
आगरा, 08 सितंबर। सूरसदन प्रेक्षागृह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण में अहम बताया।
आगरा में पांच बच्चों के अभिभावकों को पोषण पोटली दी गई, जिन्होंने सैम से सामान्य श्रेणी में सुधार किया। उत्कृष्ट कार्य पर पांच कार्यकत्रियों किरन, कुसुम शर्मा, ऋचा अग्रवाल, भावना सक्सेना और सुधा यादव को प्रशस्ति पत्र दिया गया। पांच नवचयनित कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र मिले।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में 8 बच्चों को लैपटॉप, 2 को स्वीकृति पत्र, कन्या सुमंगला के 2 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत 10 मेधावी छात्राओं को सम्मान पत्र और डमी चेक दिए गए।
इस दौरान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ जीएस धर्मेश, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदौरिया और डीएम मनीष बंसल मौजूद रहे।
__________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments