रावण की शाही सवारी ने किया रोमांचित, वैभव और सम्राट होने का प्रदर्शन

आगरा, 29 सितम्बर। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को शाम शहर की सड़कें लंका के वैभव से जीवंत हो उठीं। लंकापति महाराज रावण की भव्य शोभायात्रा निकली तो रावतपाड़ा से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों तक भीड़ उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा का शुभारंभ कमेटी अध्यक्ष व विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने किया। 
रावतपाड़ा तिराहे से शुरू हुई शोभायात्रा में सबसे आगे दो ऊंटों पर लंका की सेना चल रही थी। पीछे ताड़का की विशाल व भयावह झांकी, साधुओं को बंद दिखाती जेल की झांकी ने रावण के अत्याचार का चित्रण किया। इसी पर सजी दो तोपों से गोले फेंकने का प्रदर्शन किया गया, जिसने युद्ध जैसा रोमांच भर दिया।
जेल की झांकी के बाद सेनापतियों की झांकी, फिर कुंभकरण की विराट झांकी निकली, इसके पीछे रावण के पुत्र मेघनाद का सुसज्जित रथ था, जो पराक्रम का प्रतीक रहा। सबसे अंत में हाइड्रोलिक जगमगाते अश्व रथ पर सवार दशानन का भव्य स्वरूप मुख्य आकर्षण रहा। रौद्र रूप, अट्टहास और जगमगाती रोशनी के बीच रावण ने दोनों हाथों से तलवार चलाकर कौशल दिखाया। 
 
शोभायात्रा रावतपाड़ा से जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी नंबर 1-2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, घटिया, फुलट्टी बाजार, किनारी बाजार, कसेरठ बाजार होते हुए पुनः रावतपाड़ा पर संपन्न हुई। 
इस दौरान कोषाध्यक्ष ताराचंद, उपाध्यक्ष विजय गोयल, उपाध्यक्ष मुकेश जौहरी, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, कॉर्डिनेटर प्रवीण स्वरूप, कॉर्डिनेटर अंजुल बंसल, उपमंत्री राम राहुल शर्मा, पार्षद अनुज शर्मा, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, उपमंत्री रामांशु शर्मा, अजय अग्रवाल, संजय अग्रवाल, प्रकाश चंद, महेश चंद, गिरिधर शरण, राहुल गौतम, दिलीप, अरविंद, शैलेश, प्रसून मंगल, शैलेश, बॉबी ऋषि, राम अभिषेक, राम आशीष, राघव शर्मा आदि उपस्थित रहे।
बुधवार, 30 सितंबर को शाम 6:30 बजे मंचीय लीला का उद्घाटन रामलीला मैदान पर होगा। इसमें नारद मोह और विश्वमोहिनी लीला का मंचन किया जाएगा।
________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments