आगरा के धनौली में दो करोड़ की दवाओं का जखीरा पकड़ा, एफएसडीए का छापा
आगरा, 29 सितम्बर। धनौली में तीन छतरी के पास रिहायशी कमरे में दवाओं की पैकिंग और भंडारण की सूचना पर मंगलवार की सुबह नौ बजे एफएसडीए टीम ने छापा मारा। मौके पर युवक पैकिंग करता मिला, जिसे हिरासत में लिया गया। तलाशी में केटोरोल, कोडेस, एलेग्रा, एलेग्रा-एम, लॉसर-एच और जुलर समेत बड़ी मात्रा में दवाएं मिलीं। प्रारंभिक आकलन में स्टॉक की कीमत दो करोड़ से अधिक बताई गई है। कमरे में पेटियों का अंबार देख अधिकारी भी हैरान रह गए।
एफएसडीए अब जांच कर रहा है कि दवाएं किसके नाम पर खरीदी गईं, कहां से आईं और सप्लाई कहां होनी थी। बिल, इनवॉयस, लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और पैकिंग की वैधता खंगाली जा रही है।
मामले की गंभीरता पर लखनऊ को सूचना दी गई, जिसके बाद फिरोजाबाद और हाथरस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस व ड्रग विभाग हिरासत में लिए युवक से पूछताछ कर नेटवर्क खंगाल रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच व नमूना परीक्षण के बाद ही स्टॉक की वैधता और पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ होगी।
_____________________________________

Post a Comment
0 Comments