कोयला भट्ठियों पर नगर निगम की सख्ती, छह दिन में पांच होटल-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई, भट्ठियां बुझाईं
आगरा, 06 सितंबर। ताजमहल और पर्यावरण संरक्षण के लिए बने ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) में कोयले के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के बावजूद होटल-रेस्टोरेंट में कोयला भट्ठियां चल रही हैं। नगर निगम की टीम ने पिछले छह दिनों में पांच प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की है। टीम ने मौके पर भट्ठियां बुझाईं और संचालकों से शमन शुल्क वसूला।
नगर निगम के अनुसार, टीटीजेड में कोयले से भट्ठी या तंदूर चलाने की अनुमति नहीं है। यह रोक ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए लागू है। इसके बावजूद निरीक्षण में कई जगह कोयला भट्ठियां चलती मिलीं।
पांच सितंबर को जेडएसओ ताजगंज योगेंद्र कुशवाहा और एसएफआई मलखान सिंह के नेतृत्व में फतेहाबाद रोड पर दो प्रतिष्ठानों की जांच की गई। दोनों जगह कोयले से भट्ठी चलती मिली। टीम ने पानी डालकर भट्ठी बुझाई और जुर्माना लगाया।
तीन सितंबर को ताजगंज क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर 11 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। उसी दिन फतेहाबाद रोड स्थित सुड्डा पंजाबी ढाबा पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। संचालकों को दोबारा नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
एक सितंबर को ताजनगरी फेस-वन में होटल ताज सिटी और होटल ताज सी-वन में कोयला भट्ठियां पकड़ी गईं और जब्त की गईं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि शहर की आबोहवा खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments