एत्माद्दौला के कछपुरा में मंदिर में मूर्तियों से छेड़छाड़ पर आक्रोश भड़का, भीड़ ने दो युवकों को पीटा, पुलिस ने हिरासत में लिया

आगरा, 07 सितंबर। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के कछपुरा में रविवार को मंदिर में मूर्तियों से कथित छेड़छाड़ को लेकर जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि मंदिर में मौजूद दो युवकों ने हनुमान जी की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक हरकत की और शिव परिवार की मूर्तियों को उनके स्थान से हटा दिया।
मंदिर में मौजूद लोगों ने विरोध किया तो युवकों पर महंत की बेटियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का भी आरोप लगा। मंदिर से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने दोनों की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और मौजूद लोगों से पूछताछ की। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस सतर्क है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और करीब एक घंटे तक हंगामा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है। मंदिर में वास्तव में क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments