परिवार के साथ प्रयागराज जा रहे एयरफोर्स जवान की अछनेरा में ट्रेन से कटकर मौत, शव दो हिस्सों में मिला
आगरा,10 सितम्बर। परिवार के साथ प्रयागराज जा रहे एयरफोर्स के 35 वर्षीय जवान की गुरुवार की सुबह अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला, गर्दन धड़ से अलग थी। घटना से सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान आईडी और टिकट से राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैनाराम के रूप में हुई। वह हावड़ा एक्सप्रेस से पत्नी शोभा और बच्चों के साथ प्रयागराज जा रहे थे।
जीआरपी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे वह कोच से बाहर निकले और अछनेरा के पास ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस ने मोबाइल पर आ रहे कॉल से पत्नी से संपर्क किया और चोट लगने की बात कहकर ईदगाह स्टेशन पर उतरकर एसएन मेडिकल कॉलेज आने को कहा। वहां पहुंचने पर उन्हें मौत की खबर दी गई।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसा, ट्रेन से गिरना या आत्महत्या तीनों एंगल से जांच कर रही है। शव प्लेटफॉर्म की तरफ नहीं, दूसरी तरफ मिला है, जिससे कई सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिवार से पूछताछ कर रही है। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह साफ होगी।
__________________________________

Post a Comment
0 Comments