एक ही रात में दो घरों से 13 लाख के जेवरात पार

आगरा, 10 सितम्बर। थाना अछनेरा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ है, इसी बीच गुरुवार रात नगला जारिया गांव में दो घरों में चोरी से हड़कंप मच गया। बदमाश करीब 13 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 30 हजार रुपये नकद ले गए। सुबह जानकारी पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित नारायण सिंह ने बताया कि बेटे-बेटी की शादी नवंबर में है। शादी के लिए आठ लाख के गहने खरीदकर रखे थे। रात में चोर सब समेट ले गए। सुबह पता चला तो परिवार के होश उड़ गए।
  
दूसरी वारदात भतीजे बबलू के घर हुई। उनके यहां से झुमके, पैंडल, आधा किलो की कमर कंडोनी समेत पांच लाख के गहने और 30 हजार रुपये नकद चोरी हुए। बबलू ने बताया कि रात ढाई बजे पड़ोस के प्लॉट में मिट्टी आई थी, परिवार वहीं काम देख रहा था, इसी बीच चोरी हो गई। लौटने पर मुख्य गेट के ताले टूटे मिले। सुबह पांच बजे चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर ब्योरा लिया। लगातार चोरियों से ग्रामीणों में भय है। लोगों का कहना है कि रात्रि गश्त प्रभावी होती तो वारदात नहीं होती। थाना प्रभारी विजय चंदेल वर्मा का कहना है कि जांच जारी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।
______________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments