खंदौली में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या की, पहले सिर पर किया वार, फिर गला काटा

आगरा, 08 सितंबर। जिले के थाना खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीलीपोखर निवासी राजकुमार सिकरवार के बेटे विवेक सिकरवार की शादी आठ साल पहले एत्मादपुर क्षेत्र के रहने वाले विजेंद्र सिंह की बेटी किरण (30) से हुई थी। दोनों के दो मासूम बेटे हैं - बड़ा बेटा लक्ष्य 5 साल और छोटा चुन्नू 3 साल का।
मायका पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर किरण को परेशान करते थे। पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। मायके वालों ने कई बार ससुराल जाकर समझाने की कोशिश की, पंचायतें भी हुईं, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
 
परिजनों के अनुसार विवेक करीब एक महीने से घर से बाहर था। सोमवार शाम को ही वह घर लौटा था। आरोप है कि रात में घर पहुंचते ही उसने पत्नी किरण के साथ मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में आकर पहले उसके सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया। जब देखा कि उसकी सांसें चल रही हैं तो चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से भाग निकला।
सुबह जब पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतका के भाई ने बताया कि बहन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी पति विवेक सिकरवार के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
___________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments