उद्योग बंधु की बैठक में बिजली, जलभराव, सड़क, नाली, सफाई और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा
आगरा, 23 सितम्बर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, जलभराव, सड़क, नाली, सफाई और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा की गई।
बैठक में गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति पर बताया गया कि फीडर पर डबल पोल, पेड़ों की छंटाई और क्षतिग्रस्त खंभे व कंडक्टर बदलने से आपूर्ति में सुधार हुआ है। डीएम ने आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक नाले के निर्माण से आवागमन बाधित होने के मामले में बताया गया कि नाले को कवर करने का आगणन तैयार है। वित्तीय स्वीकृति के बाद टेंडर कर काम कराया जाएगा। डीएम ने प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
भगवती बाग, फाउंड्री नगर में सड़क-नाली निर्माण शीघ्र शुरू कराने, बोदला-बिचपुरी रोड के नाले की सफाई, सिल्ट निस्तारण और बंदरों को पकड़ने के लिए मंकी कैचर टीम की कार्रवाई की जानकारी दी गई। डीएम ने नाले को कवर्ड करने के निर्देश दिए।
विरोला शू फैक्ट्री के सामने जलभराव पर संबंधित विभाग से आख्या मांगी गई है, जबकि यमुना इंडस्ट्रियल पार्क, धरेरा के संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति पर स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि औद्योगिक समस्याओं का विभागीय समन्वय से प्राथमिकता पर निस्तारण हो और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। बैठक में एडीएम वित्त संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments