किन्नर से प्यार फिर धोखा, शादी का झांसा देकर दो साल तक शोषण, लिंग परिवर्तन कराया, चार लाख और बुलेट भी ऐंठी, पति-पत्नी पर एफआईआर

आगरा, 04 सितम्बर। थाना सिकंदरा क्षेत्र में एक युवक पर किन्नर को प्रेमजाल में फंसाकर दो साल तक शारीरिक शोषण करने और लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर सिकंदरा पुलिस ने आरोपी त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित किन्नर मूल रूप से बाराबंकी की रहने वाली है और वर्तमान में सिकंदरा क्षेत्र में रहती है। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा के गांव लखनपुर निवासी त्रिवेंद्र नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और पत्नी बनाकर रखने का झांसा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी का वादा कर आरोपी उसे शहर के अलग-अलग होटलों में ले जाता था और शारीरिक संबंध बनाता था। इसी दौरान उसने शर्त रख दी कि वह पुरुष किन्नर से स्त्री किन्नर बन जाए, तभी वह उससे शादी करेगा।
सर्जरी के नाम पर 4 लाख और बुलेट ली
प्रेमी की बातों में आकर किन्नर ने लाखों रुपये खर्च कर सर्जरी के जरिए लिंग परिवर्तन करा लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उससे चार लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल ले ली। इतना ही नहीं, किन्नर को बधाई-नग में मिलने वाली रकम भी आरोपी हड़प जाता था।
शादीशुदा निकला प्रेमी
सर्जरी के बाद जब किन्नर ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। बाद में पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से ही शादीशुदा है और उसकी पत्नी भी है। जब पीड़िता ने अपनी रकम और बाइक वापस मांगी तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण से आहत होकर किन्नर बाराबंकी लौट गई और अपने गुरु को पूरी आपबीती बताई। गुरु के कहने पर वह वापस आगरा आई और सिकंदरा थाने में तहरीर दी।
पति-पत्नी पर मुकदमा दर्ज
इंस्पेक्टर सिकंदरा राजीव त्यागी ने मीडिया को बताया कि पीड़ित किन्नर की तहरीर के आधार पर आरोपी त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण और धमकी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments