नगर निगम के हाउस टैक्स विभाग में लगी आग, बिल बुक और फाइलें जलीं, अफरा-तफरी

आगरा, 09 सितम्बर। एमजी रोड स्थित नगर निगम के हाउस टैक्स विभाग में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कमरा नंबर 101 में सुबह लगी आग ने देखते ही देखते पूरे कमरे को चपेट में ले लिया।
बताया गया है कि आग सुबह करीब दस बजे शॉर्ट सर्किट से लगी। नगर निगम के कर्मचारी ऑफिस पहुंच रहे थे। इसी बीच ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कमरा नंबर 101 में सफाई का काम चल रहा था। सफाई कर्मचारी ने लाइट ऑन करने के लिए कमरे में लगे बिजली के बोर्ड से लाइट का स्विच ऑन किया, इसी बीच स्विच से चिंगारी निकली। चिंगारी बोर्ड के नीचे कुर्सी पर रखे कागजों पर पड़ी। जिससे कागजों में आग लग गई। कुर्सी के पीछे ही पर्दा लगा हुआ था। कागजों से आग पर्दे तक पहुंच गई। आग लगते ही कमरे में रखा फर्नीचर और अभिलेख जलने लगे। घटना के समय कमरे में कुछ कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग की चपेट में आने से दो कुर्सियां और एक मेज पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि कमरे में बने केबिन को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कर्मचारियों की नजर पड़ी तो वे कार्यालय में हड़कंप मच गया। सभी लोग भागते हुए बाहर की तरफ आ गए। ग्राउंड फ्लोर पूरा खाली हो गया। धीरे-धीरे आग काफी बढ़ गई।
 
सबसे अहम बात यह है कि कमरा नंबर 101 में हाउस टैक्स कलेक्शन से संबंधित बिल बुक और महत्वपूर्ण फाइलें रखी जाती हैं। आग में बड़ी संख्या में हाउस टैक्स की बिल बुक जल गईं। इसके अलावा अलमारी में रखी कुछ फाइलें भी आग की चपेट में आ गईं। इससे विभागीय कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। काफी मात्रा में कमरे में पानी भर गया। इसके बाद कमरे को खाली करा दिया गया। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू कराया। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट होना लग रहा है, लेकिन हाउस टैक्स के अभिलेख जलने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। आग लगने के समय अग्निशमन सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और अभिलेखों को कैसे रखा गया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments