किनारी बाजार में ढाई किलो सोना चोरी मामले में नया मोड़, आरोपी कर्मचारियों के परिजन पहुंचे पुलिस आयुक्त कार्यालय
आगरा, 09 सितंबर। किनारी बाजार में सराफा कारोबारी की फर्म से ढाई किलो सोना चोरी के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी बनाए गए कर्मचारियों के परिजन मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और अपने पास मौजूद साक्ष्य पुलिस को सौंपे। परिजनों ने कर्मचारियों को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
हरिपर्वत थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवागढ़ हाउस निवासी मुकेश बाबू अग्रवाल की किनारी बाजार में कृष्ण गोपाल मुकेश बाबू ज्वेलर्स नाम से फर्म है। यहां सोने और कीमती पत्थरों के आभूषणों की बिक्री के साथ मजदूरी पर आभूषण बनवाए जाते हैं।
कारोबारी के अनुसार 18 मई, 2026 को स्टॉक की गिनती के दौरान आभूषण रखने वाले 27 डिब्बे खाली मिले। इन डिब्बों में सोने की अंगूठी, पेंडल, मंगलसूत्र और गले की चेन समेत करीब 2.5 किलो सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत करोड़ों में है।
इस मामले में कारोबारी ने अपनी ही फर्म में काम करने वाले बल्केश्वर निवासी कर्मचारियों अमित बंसल, धीरज चौहान और दीपक यादव पर चोरी का शक जताते हुए थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में संपत्ति खरीदने और चोरी का सोना बेचने का भी आरोप लगाया गया था।
परिजनों ने पेश किए साक्ष्य
मंगलवार को तीनों कर्मचारियों के परिजन पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। अमित बंसल के परिजनों ने कहा कि 15 मई को संपत्ति खरीदने का जो आरोप लगाया गया है, वह गलत है। उस दिन वह सुबह कागारौल में एक शादी समारोह में गया था और शाम चार बजे दुकान पर पहुंचा था। इसके साक्ष्य भी पुलिस को दिए गए।
इसी तरह दीपक और धीरज के परिजनों ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए साक्ष्य सौंपे।
परिजनों ने एक कच्चा पर्चा देकर आरोप लगाया कि कारोबारी के साथ दुकान पर बैठने वाले एक व्यक्ति ने एमसीएक्स में 1.24 करोड़ रुपये का नुकसान किया है। उसी व्यक्ति का दुकान से सामान ले जाते हुए वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है।
अमित बंसल ने बताया कि कारोबारी ने उसके नाम से दो स्कूटी ली हैं और उसके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर लेनदेन भी किया गया है।
डीसीपी मुख्यालय अतुल शर्मा ने परिजनों की बात सुनकर थाना कोतवाली प्रभारी को सभी साक्ष्यों को विवेचना में शामिल करने और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments