यूपीसीडा के मेंटेनेंस शुल्क और प्रोडक्शन सर्टिफिकेट पर चैंबर में रोष, विधायक से हस्तक्षेप की मांग
आगरा, 29 सितम्बर। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के सभागार में मंगलवार को अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के साथ बैठक हुई।
चैंबर ने बताया कि यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्रों के रखरखाव के लिए 35 रुपये प्रति वर्गमीटर मेंटेनेंस चार्ज वसूल रहा है। 1000 वर्गमीटर प्लॉट पर 35 हजार रुपये सालाना बनता है, जबकि नगर निगम 18 से 25 हजार रुपये लेता था। यह 30 से 40% अधिक है। सुविधाएं निगम से भी निम्न स्तर की हैं। साथ ही जल निगम द्वारा अलग से जलकर बिल भेजा जा रहा है, जिससे उद्यमियों पर दोहरा भार पड़ रहा है। अन्य जिलों में आगरा से कम शुल्क लिया जा रहा है।
पूर्व अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा कि वर्षों से उत्पादन कर रही इकाइयों से अब सर्टिफिकेट ऑफ प्रोडक्शन मांगा जा रहा है, जो उत्पीड़न है। इकाइयां जीएसटी, इनकम टैक्स, लेबर कानूनों का पालन कर रही हैं। मुख्यमंत्री उद्योग बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि यूपीसीडा के अव्यवहारिक आदेश उद्योगों को परेशान कर रहे हैं।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने सभी समस्याएं सुनकर मुख्यमंत्री से चैंबर प्रतिनिधिमंडल की शीघ्र भेंट कराने और निराकरण का आश्वासन दिया।
बैठक में नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, नरेंद्र तनेजा, केके पालीवाल, शांतिस्वरूप गोयल, सीताराम अग्रवाल, प्रदीप वार्ष्णेय, अमर मित्तल, मनीष अग्रवाल, अतुल गुप्ता, राजीव अग्रवाल, संजय गोयल आदि उपस्थित थे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments