सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में हादसा, नाला निर्माण के दौरान मिट्टी की ढाय गिरी, दो मजदूरों की मौत, तीसरा गंभीर

आगरा, 21 सितंबर। थाना सिकंदरा क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में आज सोमवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नाला निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी की ढाय भरभरा कर गिर गई। हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में नाले के निर्माण का कार्य चल रहा था। कई मजदूर काम में जुटे थे। दोपहर के समय अचानक नाले की कच्ची दीवार और ऊपर की मिट्टी धंस गई। देखते ही देखते तीन मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने शोर मचाया और तुरंत राहत-बचाव शुरू किया।
सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। ठेकेदार और साइट प्रभारी से भी पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला निर्माण काफी दिनों से चल रहा था और बारिश के कारण मिट्टी गीली होने से हादसे की आशंका बनी हुई थी।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments