जमीन पर कब्जे से परेशान आगरा की महिला लखनऊ में सीएम आवास के पास टावर पर चढ़ी
लखनऊ/आगरा, 21 सितंबर। लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आगरा की रहने वाली एक महिला टावर पर चढ़ गई। महिला की पहचान तुलसा के रूप में हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तुलसा ने आरोप लगाया कि मान सिंह नामक व्यक्ति ने उसकी डेढ़ बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है और धमकी भी दे रहा है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने टावर पर चढ़कर विरोध जताया।
घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र के पार्क रोड की है, जो सीएम आवास के बेहद करीब है। महिला को टावर पर चढ़ा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हजरतगंज पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को समझाने का प्रयास किया। काफी मान-मनौव्वल और कड़ी मशक्कत के बाद तुलसा को टावर से सुरक्षित नीचे उतारा गया।
तुलसा ने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद को लेकर वह तहसील से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत कर चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी मान सिंह ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और मामले की जानकारी आगरा प्रशासन को भी दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के आरोपों की जांच की जा रही है और जमीन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments