Agra News: खबरें आगरा की....

भारत-फिलीपींस में निवेश और संयुक्त उत्पादन बढ़ाने की जरूरत
आगरा, 23 सितम्बर। फिक्की के वरिष्ठ सदस्य एवं डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज के चेयरमैन पूरन चन्द डावर ने मनीला में आयोजित ASEAN-India Business Forum 2026 में भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और फिलीपींस स्वाभाविक साझेदार हैं। पीएम मोदी और राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर के नेतृत्व में संबंध रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचे हैं। अब व्यापार के साथ निवेश, संयुक्त उत्पादन और तकनीकी सहयोग को बढ़ाना होगा। डावर ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार लगभग 4 अरब डॉलर है, जो क्षमता से कम है। 2030 तक इसे दोगुना करने का लक्ष्य रखना चाहिए। इसके लिए Preferential Trade Agreement को गति देकर Early Harvest Package, कस्टम क्लीयरेंस तेज करने और गैर-शुल्क बाधाएं घटाने की जरूरत है।
उन्होंने फार्मा, डिजिटल टेक्नोलॉजी, AI, फिनटेक, इलेक्ट्रॉनिक्स, कृषि, अक्षय ऊर्जा, रक्षा, ऑटोमोबाइल, फुटवियर और टेक्सटाइल में विशेष साझेदारी, MSMEs व स्टार्टअप्स को जोड़ने और हर प्रतिनिधिमंडल दौरे के बाद ठोस बिजनेस पाइपलाइन बनाने के पांच सुझाव दिए।
________________________________________
दयालबाग में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन
आगरा, 23 सितम्बर। दयालबाग में चेतना पर आयोजित 8वीं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी DSC और 49वें राष्ट्रीय सिस्टम सम्मेलन NSC का समापन मंगलवार को पुरस्कार वितरण और पैनल चर्चा के साथ हुआ।
दिन की शुरुआत SSI की वार्षिक आम सभा से हुई। इसके बाद पुरस्कार समारोह में जर्मनी के कील विश्वविद्यालय के प्रो. आनंद श्रीवास्तव और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. वी. नटराजन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। नेशनल सिस्टम्स गोल्ड मेडल IIT रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा, राजकुमार वार्ष्णेय अवार्ड डॉ. सी. तारा सत्यवती, SSI विक्रम अवार्ड डॉ. आशिता अल्लमरजू और यंग साइंटिस्ट अवार्ड डॉ. अनुभव नानावती को मिला।
DSC बेस्ट पेपर स्वाति इदानी और बेस्ट पोस्टर प्रो. आनंद मोहन की टीम को मिला। स्कूल श्रेणी में दयाल अनुपमा न्यारी प्रथम रहीं।
इसके बाद TEASE विषय पर पैनल चर्चा हुई, जिसमें राधा स्वामी सत्संग सभा के अध्यक्ष गुर स्वरूप सूद, प्रो. वीबी गुप्ता, प्रो. पम्मी दुआ समेत देश-विदेश के विशेषज्ञों ने विचार रखे। संचालन प्रो. संजय भूषण ने किया।
समापन पर DEI और संत सुपरह्यूमन स्कीम के बच्चों ने ओडिसी, सूफी नृत्य और सुर-ताल-त्रिवेणी की प्रस्तुति दी। प्रो. के. स्वामी दया ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
________________________________________
सुखजीवन अकादमी ने जीती जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप सीरीज
आगरा, 23 सितम्बर। सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी मैदान पर खेली गई जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के निर्णायक मुकाबले में मेजबान अकादमी ने BECC पटियाला को 22 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सुख जीवन ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 113 रन बनाए। जयंत अग्रवाल ने 23, सम्राट ने 19 रन बनाए। BECC से यशराज ने 3 विकेट लिए। जवाब में BECC की टीम 28.3 ओवर में 91 रन पर सिमट गई। प्रिंस ने 31 रन बनाए। रुद्र ने 4 विकेट लेकर मैच पलटा।
रुद्र प्लेयर ऑफ द मैच, अर्णव बेस्ट बैटर, यशराज बेस्ट बॉलर और अभी यादव प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। अकादमी अध्यक्ष राजीव सोई ने बताया कि पार्षद अरविंद गौतम एवं बलदेव भटनागर, विक्रम शुक्ला एवं लक्ष्मण स्वरूप यादव ने पुरस्कार वितरित किए।
________________________________________
22 गुर्दा रोगियों को नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श
आगरा, 23 सितम्बर। क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित डॉ. एन. एल. पटनी डायलिसिस सेंटर, खंदारी पर  बुधवार को गुर्दा हाइपरटेंशन एवं किडनी से संबंधित सभी समस्याओं के लिए निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
डॉ. वर्तुल गुप्ता ने मरीजों को गुर्दे रोग से जुड़ी समस्याओं की जांच कर उचित परामर्श दिया। कुल 22 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया। कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल व महामंत्री राजकुमार जैन ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किये जायेंगे। अजय गोयल व चन्दर का सहयोग रहा।
________________________________________
अग्रवाल समाज अब बंधुआ जागीर नहीं, बनेगा फ्लोटिंग वोटर
आगरा, 23 सितम्बर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के शपथ ग्रहण में राजनैतिक उपेक्षा के खिलाफ हुंकार भरी गई। कहा गया कि समाज अब किसी दल की बंधुआ जागीर नहीं, मान-सम्मान के लिए फ्लोटिंग वोटर बनेगा।
वक्ताओं ने सवाल उठाया कि आरएसएस के 100 साल में अग्रवाल समाज से कोई सरसंघचालक क्यों नहीं बना। 10 करोड़ देशभर और दो करोड़ यूपी में अग्रवालों को संगठित करने और हर जिले में अग्रसेन मंदिर बनाने का संकल्प लिया गया।
बबली गर्ग प्रकरण की जांच, व्यापारी सुरक्षा आयोग और विशेष संरक्षण कानून की मांग उठी। ब्रज क्षेत्र की 15 सीटों पर टिकट की दावेदारी ठोंकी गई और चापलूस नेताओं के बहिष्कार का ऐलान हुआ। 42 पदाधिकारियों ने शपथ ली। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, पवन अग्रवाल, विष्णु बिहारी गोयल, दिनेश बंसल आदि उपस्थित थे।
________________________________________
आगरा विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष विजय कुमार ने संभाला कार्यभार
आगरा, 23 सितम्बर। आगरा विकास प्राधिकरण के नवागत उपाध्यक्ष विजय कुमार ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी विजय कुमार ने चार्ज संभालने के बाद अधिकारियों के साथ परिचय बैठक कर प्राधिकरण की योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई और प्राधिकरण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
________________________________________
दो दिवसीय ग्यारहवीं शरीफ का आयोजन, देश भर से पहुंचे जायरीन
आगरा, 23 सितम्बर। हजरत सैयदना शेख अब्दुल कादिर जीलानी गौसे आजम के उर्स-ए-पाक पर 'ग्यारहवीं शरीफ' मेवा कटरा स्थित आस्ताना ए आलिया कादरिया पर अकीदत के साथ मनाई गई। सज्जादानशीन सैय्यद सिनवान अहमद शाह कादरी के नेतृत्व में आयोजित उर्स में देश के अलग-अलग हिस्सों से जायरीन पहुंचे।
पहले दिन कुरान ख्वानी, फातिहा और लंगर तकसीम हुआ। बुधवार को असर की नमाज के बाद अलम शरीफ की जियारत कराई गई। ईशा की नमाज के बाद मशहूर कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश किए। दूसरे दिन शाम को लंगर और महफिल-ए-समां व कव्वाली का आयोजन होगा।
सज्जादानशीन ने बताया कि कई दशकों से हर साल शान-ओ-शौकत से ग्यारहवीं शरीफ मनाई जा रही है। इस मौके पर सैय्यद शमीम शाह, शिराज अहमद, मैराजुद्दीन, इरफान सलीम, नदीम हाशमी, हमजा चिश्ती, अरशद फरीदी, गुलाम समदानी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments