Agra News: खबरें आगरा की......
दवाओं की MRP पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र से पूछा- 16% से अधिक मार्जिन क्यों?
नई दिल्ली/आगरा, 29 सितम्बर। दवाओं के PTR और MRP के भारी अंतर पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट ने केंद्र से पूछा कि सभी दवाओं पर PTR से 16% तक ही MRP क्यों न तय हो। यह जानकारी वरिष्ठ अधिवक्ता के सी जैन ने दी।
उन्होंने बताया कि जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ के सी जैन की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। सुनवाई में सामने आया कि ₹3,000 में रिटेलर को मिलने वाली कैंसर दवा पर ₹27,000 MRP है।
कोर्ट ने कहा अधिक MRP से मरीज ही नहीं, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं में सरकारी खजाना भी प्रभावित होता है। गैर-अनुसूचित दवाओं का बाजार 83% है, जहां निर्माता मनमानी MRP तय कर देता है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने संतुलित समाधान की बात कही। इस मामले में अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को होगी।
_______________________________________
डायट में रक्तदान शिविर, 79 शिक्षकों ने किया रक्तदान
आगरा, 29 सितम्बर। विश्व हृदय दिवस पर डायट आगरा में निर्वाचन कर्मचारी वेलफेयर समिति द्वारा रक्तसंजीवनी कार्यक्रम के तहत रक्तदान व वृक्षारोपण हुआ।
शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, प्राचार्य विजय प्रताप सिंह व प्रदेश अध्यक्ष अजय सिकरवार ने किया। डॉ. भदौरिया ने कहा- एक रक्तदान तीन जीवन बचाता है। विजय प्रताप सिंह ने रक्तदान संग वृक्षारोपण को अनुकरणीय बताया।
111 में से 79 शिक्षकों ने रक्तदान किया। विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने प्रमाणपत्र दिए। अजय सिकरवार ने बताया पिछले वर्ष 37 यूनिट दान व 51 लोगों को रक्त दिया था, इस बार रिकॉर्ड टूटा। संचालन डॉ. मनोज वार्ष्णेय ने किया।
_______________________________________
जनकपुरी में ब्राह्मण समाज ने की महा-आरती
आगरा, 29 सितम्बर। भावना स्टेट सिकंदरा के जनकपुरी महोत्सव में रोज महा-आरती हो रही है।
मंगलवार को सर्व ब्राह्मण कुल समाज समिति ने आरती की। अध्यक्ष सतीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में राजेंद्र पाराशर, आशुतोष गौतम, प्रीति मिश्रा, शालिनी शर्मा ने राम-सीता की आरती कर आयोजन की सफलता की प्रार्थना की।
पदाधिकारियों ने कहा जनकपुरी जैसे आयोजन सनातन संस्कृति व सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। बाद में जनकपुरी कमेटी ने ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों का पटका पहनाकर सम्मान किया।
_______________________________________
दो अक्टूबर को सुधांशु महाराज करेंगे डॉ. गिरीश गुप्ता का अभिनंदन
नई दिल्ली, 29 सितम्बर। प्रधानमंत्री जन्मदिवस पर सेवा संकल्प उत्सव के तहत विश्व जागृति मिशन के संस्थापक सुधांशु महाराज द्वारा विशिष्ट समाजसेवियों का अभिनंदन समारोह दो अक्टूबर को आनंद धाम आश्रम, नजफगढ़ रोड, नई दिल्ली में होगा।
समारोह में देश-विदेश में पहचान बनाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें आगरा के डॉ. गिरीश सी. गुप्ता सह-संस्थापक अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान समिति, अश्वनी उपाध्याय, डॉ. रणदीप गुलेरिया, विनोद जोशी, प्रेम बजाज, राम मनोहर मिश्रा, प्रो. मंगला कपूर, बालस्वरूप राही शामिल हैं। समाज, चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य व वरिष्ठजन सेवा में योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
_______________________________________
महाराजा अग्रसेन जयंती पर अग्रसेन वाटिका में होगा विशाल एकता महायज्ञ
आगरा, 29 सितम्बर। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर को बल्केश्वर आईटीआई के सामने अग्रसेन वाटिका में विशाल एकता महायज्ञ का आयोजन होगा। मंगलवार को अतिथिवन वाटरवर्क्स में कार्यक्रम का पोस्टर विमोचित किया गया।
मुख्य संयोजक पार्षद मुरारी लाल गोयल ने बताया कि विश्व शांति, विश्व कल्याण और बल्केश्वर के 1100 अग्रवंशी परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने के लिए अग्रवंश एकता समिति यह अनूठी पहल कर रही है। महायज्ञ सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ने बताया कि एक मुट्ठी चावल के साथ घर-घर जाकर अग्रवंशी परिवारों को आत्मीय निमंत्रण दिया जाएगा। पार्षद पूजा बंसल, हरिओम बाबा और गिर्राज बंसल ने कहा कि यज्ञ की समिधा से निकली सुगंध स्वास्थ्य, समृद्धि और एकता की ऊर्जा देगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रतियोगिताएं भी होंगी।
_______________________________________
संस्कार भारती की 22वीं नमन काव्य गोष्ठी संपन्न
आगरा, 29 सितम्बर। संस्कार भारती पश्चिम द्वारा 22वीं नमन काव्य गोष्ठी माधव भवन जयपुर हाउस में हुई। शुभारंभ अखिल भारतीय अधिकारी बांकेलाल गौड़, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, विजया तिवारी व प्रांतीय महामंत्री नंदनंदन गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता बांकेलाल गौड़ ने कहा कवियों को कागज या मोबाइल देखकर पाठ से बचना चाहिए। डॉ. बिरजू ने सरस्वती वंदना की। मोहित सक्सेना ने सुनाया- सब टल जाए किंतु नहीं टल सकता वचन कवि का। हिरेंद्र नरवार ने भगत सिंह पर ओजस्वी काव्यपाठ किया। संजय कुमार एडवोकेट, मीना शर्मा, रामेश्वर दयाल सहित 25 कवियों ने काव्यपाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। संचालन संजय कुमार व अलका शर्मा ने किया।
______________________________________
शिक्षक व स्नातक MLC चुनाव के लिए नामांकन शुरू
आगरा, 29 सितम्बर। विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक व स्नातक निर्वाचन हेतु नामांकन 29 सितंबर से कमिश्नरी के आयुक्त न्यायालय कक्ष-4 में शुरू हुआ। शुभारंभ आयुक्त नगेंद्र प्रताप व जिलाधिकारी मनीष बंसल ने किया।
प्रथम दिन शिक्षक निर्वाचन हेतु सात लोगों भोज कुमार शर्मा, हसनू राम, दिलीप कुमार, राहुल पाराशर, चंद्र प्रकाश, मो. वसीम, शैलेन्द्र मिश्रा ने व स्नातक हेतु चार लोगों अम्बरीश पाल, हसनू राम, डॉ. रूमा कुमारी, मानवेंद्र प्रताप ने पर्चे लिए।
शिक्षक हेतु 27 व स्नातक हेतु 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। नामांकन 06 अक्टूबर तक 11 से 03 बजे तक, संवीक्षा 07 अक्टूबर, वापसी 9 अक्टूबर, मतदान 23 अक्टूबर, मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। सामान्य को 10 हजार व SC/ST को 05 हजार जमानत जमा करनी होगी।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments