Agra News: खबरें आगरा की....

क्षेत्र बजाजा कमेटी में अनिल जिंदल पुनः अध्यक्ष, राजकुमार जैन महामंत्री और ताराचंद कोषाध्यक्ष चुने गये
आगरा, 03 सितम्बर। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की नई कार्यकारिणी चुन ली गई है। वर्ष 2026-2029 के लिए अध्यक्ष पद पर पुनः अनिल जिंदल, उपाध्यक्ष पद पर विशनू गर्ग तथा राजकुमार जैन को महामंत्री निर्विरोध चुना गया।
कोषाध्यक्ष व मंत्री पद पर तीन-तीन प्रत्याशी होने के कारण मतदान हुआ, जिसमें ताराचंद गोयल पुनः कोषाध्यक्ष तथा प्रशान्त गुप्ता पुनः मंत्री विजयी हुए।इसके अलावा लगभग तीस कार्यकारिणी सदस्य चुने गये। चुनावी प्रक्रिया चुनाव अधिकारी माधव प्रसाद अग्रवाल के निर्देशन में पूरी हुई। अशोक गुप्ता व अनिल गुप्ता सह चुनाव अधिकारी के सहयोगी रहे। कमेटी के 506 सदस्य हैं, इनमें से 430 सदस्यों ने अपने मतदान का प्रयोग किया। पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन तथा सुनील विकल ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।
_______________________________________
सांसद नवीन जैन की निधि से छीपीटोला में 25 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क
आगरा, 03 सितम्बर। छावनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन पर क्षेत्रीय जनता के आग्रह पर राज्यसभा सदस्य नवीन जैन की सांसद निधि से स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास का शुभारंभ युवा नेता वैभव जैन ने नारियल फोड़कर कर किया।
इस अवसर पर बताया गया कि सड़क निर्माण कार्य लगभग 25 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया जाएगा। इस विकास कार्य से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। वैभव जैन ने कहा कि सांसद नवीन जैन का जनसेवा ही संकल्प और विकास ही प्राथमिकता है। शिलान्यास कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज जैन, मुकेश जैन, पूर्व मंत्री मुरारी लाल जैन, हरेश जैन, मुन्ना लाल जैन, पूर्व पार्षद सपना जैन, प्रवीण जैन, दीपक जैन, मुकुल गुलजार, भाजपा रावली मंडल महामंत्री आयुष जैन उपस्थित रहे।
_______________________________________
सरस्वती विद्या मंदिर में लगा जन्माष्टमी मेला
आगरा, 03 सितम्बर। तहसील मार्ग स्थित बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मन्दिर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि भावना वरदान शर्मा ने माँ सरस्वती और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
मेले में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित विभिन्न झाकियों को सजाया गया। इन झांकियों में कृष्ण जन्म, कालिया मर्दन, रासलीला, नंद महोत्सव, द्रोपदी चीरहरण, गोवर्धन पर्वत, गीता उपदेश आदि थीं। छात्र- छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों की वेशभूषाओं में श्रृंगार कर सभी का मन मोह लिया। 
विद्यालय प्रांगण को फूलों, लाइटों और गुब्बारों से सजाया गया। छात्राओं द्वारा भजन "नंद घर आनंद भयो" पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। सभी बच्चों को प्रसाद के रूप में माखन-मिश्री वितरित की गई। मेले में स्वादिष्ट खाने-पीने की वस्तुओं की स्टॉल और झूले भी लगाए गए। 
कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, विद्यालय अध्यक्ष संजय गाेयल, निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, व्यवस्थापक किशनप्रसाद बंसल, प्रधानाचार्य राजकुमार, आशीष गर्ग, राजहंस उपस्थित रहे।
_______________________________________
किरावली में पीडब्लूडी की जर्जर सड़कों का डाबरीकरण कराया जाए
आगरा , 03 सितम्बर। भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ पी डब्लू डी के चीफ इंजीनियर एन के यादव को पत्र देकर मांग की कि कीठम स्कैप से नगला टुंडा तक करीब एक किलोमीटर सड़क मार्ग को डबरीकरण कराए जाने सहित किरावली तहसील में पी डब्लू डी की जर्जर एवं गड्ढा युक्त सभी सड़क मार्गों का निरीक्षण कराकर डबरीकरण कराया जाए।
चाहर ने कहा कि कीठम स्कैप (नहर) से नगला टुंडा तक करीब एक किलोमीटर सड़क मार्ग जर्जर है, जिसमें गड्ढे जलभराव हो रहा है, कई गांव के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, अविलंब सड़क मार्ग का डबरीकरण कराया जाए, इसी तरह किरावली कागारौल रोड़ से लिंक अकोला रोड़ बरौली, नेहचानी पर सड़क मार्ग जर्जर, जलभराव हो रहा है, अरहेरा पर भी सड़क मार्ग जर्जर है और जलभराव हो रहा है।
चीफ इंजीनियर एन के यादव ने कीठम स्कैप से नगला टुंडा तक सड़क मार्ग के डबरीकरण सहित तहसील किरावली की जर्जर सड़क मार्गों के निरीक्षण कर मरम्मत के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। प्रतिनिधिमंडल में किसान संघ के केशव देव शर्मा, सुखवीर सिंह, महावीर प्रधान आदि थे।
_______________________________________
जनकपुरी क्षेत्र का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
आगरा, 03 सितम्बर। भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रही जनकपुरी को लेकर प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग एवं आगरा मेट्रो के अधिकारियों ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। 
महोत्सव के दौरानशहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना पर विचार-विमर्श किया गया। मेट्रो के अधिकारियों के साथ हाईवे पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन तथा विभिन्न कटों को खोलने और बंद रखने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडिशनल डीसीपी सिटी हिमांशु गौरव, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह तथा सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। आगरा मेट्रो की ओर से चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील भट्ट, डिप्टी चीफ इंजीनियर मीत प्रकाश एवं अन्य अधिकारी शामिल रहे।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से संजय गोयल, मनोज बंसल, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, आकाश ग्वाला, सुशील सिंह, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी एवं स्वामीनाथ तिवारी, सतीश ठाकुर, शिवा यादव उपस्थित रहे।
_______________________________________
तंदूर और भट्ठी का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई 
आगरा, 03 सितम्बर। एनजीटी के नियमों का उल्लंघन कर कोयला संचालित तंदूर और भट्ठी का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को ताजगंज क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो प्रतिष्ठानों से कुल 11 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया। इस दौरान कोयले से संचालित भट्ठी में पानी डालकर उसे ठंडा कराया गया और भविष्य में दोबारा संचालन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने ताजगंज क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान एनजीटी के नियमों के विपरीत तंदूर और भट्ठी का संचालन पाए जाने पर फतेहाबाद रोड स्थित सुड्डा पंजाबी ढाबा पर कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया। इसके अलावा टीम ने अतिक्रमण के मामले में रईस संदूक वाला से एक हजार रुपये का शमन शुल्क वसूल किया।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments