हजारों घरों में नहीं जल सके चूल्हे, उद्योगों को आपूर्ति भी रुकी, मेट्रो की खुदाई में टूटी मेन पाइप लाइन, दोपहर 12 बजे तक चालू होने की उम्मीद

आगरा, 11 सितम्बर। आगरा मेट्रो परियोजना के लिए खुदाई के दौरान एत्माद्दौला क्षेत्र में गेल गैस की मुख्य पाइप लाइन बंद होने से उद्योगों के साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं को ग्रीन गैस की आपूर्ति बंद हो गई है। इससे हजारों परिवार प्रभावित हैं। देर रात से सुबह तक हजारों घरों में गैस के चूल्हे नहीं जल सके।
गेल और ग्रीन गैस के कर्मचारी इस लाइन को चालू करने में लगे हैं। उम्मीद की जा रही है कि दोपहर 12 बजे तक लीकेज को बंद कर गैस आपूर्ति को चालू कर दिया जाएगा।
कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर निर्माण में खुदाई के दौरान बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे टेढ़ी बगिया से सिकंदरा तक पीएनजी सप्लाई करने वाली गेल की आठ इंच की स्टील पाइपलाइन टूट गई। इसके चलते रात से ही शहर में पाइप लाइन गैस की सप्लाई बंद है। शुक्रवार की सुबह से भी शहर के औद्योगिक, घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की गैस आपूर्ति बाधित है।
ग्रीन गैस के मुख्य विपणन अधिकारी किशन सिंह ने "न्यूज नजरिया" को बताया कि मेट्रो की खुदाई के कारण गेल गैस की उच्च प्रेशर वाली अपस्ट्रीम लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। इस लाइन से ही सभी उद्योगों और ग्रीन गैस के घरेलू, व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जाती है। उन्होंने स्वीकार किया कि मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे शहर के हजारों उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। टीमें रात्रि से ही लीकेज को ठीक करने में जुटी हुई हैं। प्रयास है कि पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह या बारह बजे तक घरेलू उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति शुरू कर दी जाए।
  
घरेलू और व्यवसायिक सप्लाई इसी क्षतिग्रस्त लाइन से होती है। प्रतिदिन दो लाख एससीएम गैस की खपत है। 70 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। सुरक्षा कारणों से, आगे की लाइन से गैस पूरी तरह निकालकर फॉल्ट की मरम्मत की जा रही है। 
बता दें कि रामबाग चौराहे से कालिंदी बाग की तरफ मेट्रो का काम चल रहा है। रामबाग चौराहे से नुनिहाई रोड पर अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने मेट्रो की खुदाई के दौरान गैस की लाइन टूट गई थी। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियातन आसपास के इलाके को खाली भी कराया। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई। गैस की तेज गंध से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments